रायपुर। छत्तीसगढ़ में चक्रवाती तूफान 'अकवान' के प्रभाव से मौसम का मिजाज बदल गया है। राजधानी रायपुर सहित प्रदेश के कई हिस्सों में बादल छाए हुए हैं और बारिश की गतिविधियां बढ़ने की संभावना है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 20 और 21 नवंबर को प्रदेश के अनेक स्थानों पर बारिश तथा कुछ स्थानों पर भारी वर्षा की चेतावनी जारी की है। इस दौरान गरज-चमक, आकाशीय बिजली और तेज हवाएं चलने का भी अनुमान है।
मौसम विभाग के अनुसार, बंगाल की खाड़ी से उठे चक्रवाती तूफान अकवान का अवशेष शुक्रवार शाम तक ओडिशा के ऊपर गहरे अवदाब के रूप में सक्रिय था। इसके प्रभाव से छत्तीसगढ़ में मौसम प्रभावित हो रहा है। प्रदेश में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं, जबकि झोंकों की गति 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की संभावना है।
राजधानी रायपुर में तापमान में उल्लेखनीय गिरावट देखने को मिली है। मौसम विभाग के अनुसार, शुक्रवार को रायपुर के लालपुर केंद्र में अधिकतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। न्यूनतम तापमान 18.3 डिग्री रहा। शाम साढ़े पांच बजे सापेक्ष आर्द्रता 100 प्रतिशत दर्ज की गई। सुबह तक पिछले 24 घंटों में लालपुर में 2 मिलीमीटर और माना क्षेत्र में 7 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई।
रायपुर शहर में शनिवार, 21 नवंबर को भी सामान्यतः बादल छाए रहने और बारिश अथवा गरज-चमक की संभावना है। अधिकतम तापमान 27 डिग्री और न्यूनतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। 22 नवंबर को अधिकतम तापमान 29 डिग्री तक पहुंच सकता है। प्रदेश के अन्य हिस्सों की बात करें तो शुक्रवार सुबह पेंड्रा में न्यूनतम तापमान 12.6 डिग्री, अंबिकापुर में 16.6 डिग्री, बिलासपुर में 18.4 डिग्री, जगदलपुर में 18.9 डिग्री और दुर्ग में 19 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
IMD के मुताबिक 20 और 21 नवंबर को राज्य में बारिश और आकाशीय बिजली का खतरा बना रहेगा। इसके बाद बारिश की गतिविधियों में धीरे-धीरे कमी आने की संभावना है। रायपुर में 24 नवंबर से आसमान मुख्यतः साफ रहने का पूर्वानुमान है। मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए लोगों को गरज-चमक के दौरान पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी जाती है। किसानों को भी खुले में रखे धान और अन्य कृषि उत्पादों को बारिश से बचाने के लिए सुरक्षित ढंग से ढकने की जरूरत है।
Tags: