3 साल मालिक का भरोसा जीता, फिर स्कॉर्पियो लेकर फुर्र हुआ ड्राइवर!
भिलाई में भरोसे का बड़ा धोखा
भिलाई: छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में मालिक का भरोसा जीतकर स्कॉर्पियो वाहन लेकर फरार होने वाले ड्राइवर को खुर्सीपार पुलिस ने गुजरात के सूरत से गिरफ्तार किया है। आरोपी करीब तीन साल से मालिक के यहां नौकरी कर रहा था। उसने शादी में जाने का बहाना बनाकर स्कॉर्पियो ली और फिर वापस नहीं लौटा। इसके अलावा वाहन की मरम्मत और रखरखाव के नाम पर मालिक से 2 लाख 50 हजार रुपए भी लिए थे। पुलिस ने आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
तीन साल तक नौकरी कर मालिक का जीता भरोसा
पुलिस के मुताबिक, खुर्सीपार के सुभाष मार्केट, जोन-02, सेक्टर-11 निवासी नरेश कुमार माथुर (53) ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि राजस्थान के बाड़मेर जिले का रहने वाला राजेश कुमार बिसनोई (31) पिछले करीब तीन वर्षों से उनके यहां ड्राइवर की नौकरी कर रहा था। आरोपी उनकी स्कॉर्पियो वाहन क्रमांक CG07 AR 0002 चलाता था। लंबे समय से काम करने के कारण मालिक को उस पर भरोसा हो गया था।
शादी में जाने का बहाना बनाकर स्कॉर्पियो लेकर भागा
शिकायत के अनुसार, 29 नवंबर 2024 को राजेश कुमार ने शादी में जाने की बात कहकर मालिक से स्कॉर्पियो ली थी। इसके बाद वह वाहन लेकर वापस नहीं आया।
मालिक ने उससे संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन आरोपी का कोई पता नहीं चला। काफी तलाश करने के बावजूद स्कॉर्पियो और ड्राइवर की जानकारी नहीं मिलने पर उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
मरम्मत के नाम पर भी लिए 2.50 लाख रुपए
नरेश कुमार माथुर ने पुलिस को बताया कि आरोपी ने गाड़ी के रखरखाव और तकनीकी सुधार कराने के नाम पर अलग-अलग किस्तों में 2.50 लाख रुपए लिए थे।
यह रकम नकद और ऑनलाइन माध्यम से दी गई थी। आरोप है कि ड्राइवर ने मालिक के विश्वास का फायदा उठाकर पैसे लिए और वाहन सहित फरार हो गया।
मोबाइल लोकेशन से सूरत पहुंची पुलिस
खुर्सीपार पुलिस ने अपराध क्रमांक 450/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 316(4) और 318(4) में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
आरोपी की तलाश के दौरान पुलिस ने तकनीकी जानकारी जुटाई। मोबाइल लोकेशन गुजरात के सूरत में मिलने के बाद पुलिस टीम वहां पहुंची और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी जेल भेजा गया, वाहन और रकम की तलाश जारी
पुलिस ने 19 नवंबर 2026 को राजेश कुमार बिसनोई को गिरफ्तार किया। न्यायालय में पेश करने के बाद उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
फिलहाल पुलिस स्कॉर्पियो और 2.50 लाख रुपए की बरामदगी के प्रयास कर रही है। अभी तक वाहन और रकम बरामद नहीं हुए हैं।