Raipur. रायपुर। साइबर ठगी के एक बड़े मामले में ओडिशा पुलिस ने रायपुर से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि आरोपी साइबर ठगी करने वाले गिरोह को म्यूल अकाउंट उपलब्ध कराता था। ओडिशा के बलांगीर जिले में हुई करीब दो करोड़ रुपये की साइबर ठगी के मामले में पुलिस ने यह कार्रवाई की है। जानकारी के अनुसार, ओडिशा पुलिस की टीम ने राजधानी रायपुर के गुढ़ियारी इलाके में दबिश देकर आरोपी प्रकाश शर्मा को गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के बाद ओडिशा पुलिस आरोपी को बलांगीर लेकर जाएगी, जहां उससे पूरे मामले को लेकर पूछताछ की जाएगी। बताया जा रहा है कि आरोपी प्रकाश शर्मा पर साइबर ठगी गिरोह के लिए बैंक खाते उपलब्ध कराने का आरोप है। ऐसे खातों का इस्तेमाल ठगी की रकम को इधर-उधर ट्रांसफर करने के लिए किया जाता है। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर इस पूरे नेटवर्क की जानकारी जुटाने में लगी है।
रायपुर में साइबर पुलिस भी कर रही पूछताछ
मामले में रायपुर साइबर पुलिस भी आरोपी से पूछताछ कर रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आरोपी का संपर्क किन-किन लोगों से था और उसने कितने लोगों के बैंक खातों का इस्तेमाल साइबर अपराधों में कराया। जांच एजेंसियां यह भी पता ल रही हैं कि रायपुर से साइबर ठगी के इस नेटवर्क में कितने लोग जुड़े हुए हैं और क्या आरोपी इससे पहले भी इस तरह के मामलों में शामिल रहा है।
पहले भी रायपुर से पकड़े जा चुके हैं आरोपी
बताया जा रहा है कि इस मामले में ओडिशा पुलिस इससे पहले भी रायपुर के टिकरापारा और तेलीबांधा थाना क्षेत्र से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। लगातार हो रही गिरफ्तारियों से साइबर ठगी के मामले में रायपुर कनेक्शन सामने आ रहा है। पुलिस अब पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी हुई है।
मास्टरमाइंड की तलाश जारी
पुलिस के अनुसार, इस साइबर ठगी मामले का कथित मास्टरमाइंड हिरना नाम का व्यक्ति बताया जा रहा है, जो फिलहाल कोलकाता में छिपा हुआ है। जांच में यह बात सामने आई है कि आरोपी प्रकाश शर्मा कथित तौर पर मास्टरमाइंड हिरना से मिलने के लिए कोलकाता जाता था। पुलिस अब हिरना की तलाश में भी जुटी हुई है। साइबर ठगी के इस मामले में पुलिस कई स्तरों पर जांच कर रही है। बैंक खातों, डिजिटल लेनदेन और आरोपियों के संपर्कों की जांच की जा रही है, ताकि पूरे गिरोह का खुलासा किया जा सके।
म्यूल अकाउंट से होती है ठगी की रकम की हेराफेरी
साइबर अपराधों में म्यूल अकाउंट का इस्तेमाल तेजी से बढ़ा है। ठग आम लोगों के बैंक खाते किराए पर लेकर या लालच देकर हासिल कर लेते हैं और फिर ठगी की रकम इन्हीं खातों में मंगाकर आगे ट्रांसफर करते हैं। जांच एजेंसियां ऐसे खातों की पहचान कर उनके संचालकों पर कार्रवाई कर रही हैं। पुलिस का कहना है कि साइबर अपराध से जुड़े हर व्यक्ति पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल ओडिशा पुलिस आरोपी प्रकाश शर्मा को अपने साथ ले जाकर आगे की पूछताछ करेगी। वहीं रायपुर पुलिस भी मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।