Sukma. सुकमा। दूरस्थ और अंदरूनी क्षेत्रों में पुलिस और ग्रामीणों के बीच विश्वास बढ़ाने के उद्देश्य से सुकमा पुलिस द्वारा चलाए जा रहे “निवा दुवड़ ते” अभियान के तहत पुलिस टीम संवेदनशील गांव सिंगाराम पहुंची। अभियान के दौरान पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों से सीधा संवाद किया और उनकी समस्याओं को जाना। “निवा दुवड़ ते” का अर्थ “आपके द्वार पर” है। इस पहल के माध्यम से पुलिस का उद्देश्य ग्रामीणों तक पहुंचकर उनकी परेशानियों को समझना और पुलिस-जनता के बीच बेहतर संबंध स्थापित करना है। पुलिस अधीक्षक मयंक गुर्जर के दिशा-निर्देशन में थाना गोलापल्ली क्षेत्र के सिंगाराम में आयोजित कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मनोज तिर्की, एसडीओपी जितेंद्र कुंभकार सहित पुलिस अधिकारी और जवान मौजूद रहे।
एएसपी बने शिक्षक बच्चों से पूछी गिनती और पहाड़े
अभियान के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मनोज तिर्की ने बच्चों के बीच पहुंचकर उनसे बातचीत की। उन्होंने बच्चों से पढ़ाई को लेकर चर्चा की और गिनती एवं पहाड़े पूछे। बच्चों के साथ घुल-मिलकर बातचीत करते हुए एएसपी ने उन्हें शिक्षा के महत्व के बारे में बताया और नियमित रूप से पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान बच्चों को बिस्किट और चॉकलेट भी वितरित किए गए। पुलिस अधिकारियों के इस आत्मीय व्यवहार से बच्चों में उत्साह देखने को मिला।
बच्चों ने पुलिस अधिकारियों से पूछे रोचक सवाल
कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने पुलिस अधिकारियों से कई सवाल पूछे। बच्चों ने जानना चाहा कि पुलिस अधिकारी कैसे बनते हैं, पुलिस का काम क्या होता है और कानून व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस की क्या भूमिका होती है। अधिकारियों ने बच्चों के सवालों के जवाब दिए और उन्हें भविष्य में मेहनत कर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
ग्रामीणों से किया सीधा संवाद
अभियान के तहत पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं और जरूरतों की जानकारी ली। ग्रामीणों से क्षेत्र की स्थिति, सुरक्षा व्यवस्था और अन्य आवश्यक विषयों पर चर्चा की गई। पुलिस ने ग्रामीणों को कानून व्यवस्था, सुरक्षा उपायों और शासन की योजनाओं से जुड़ी जानकारी दी। साथ ही ग्रामीणों से अपील की गई कि वे किसी भी समस्या या संदिग्ध गतिविधि की जानकारी पुलिस तक पहुंचाएं।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि ग्रामीणों के सहयोग से ही क्षेत्र में शांति और सुरक्षा का वातावरण मजबूत किया जा सकता है। पुलिस और जनता के बीच विश्वास बढ़ाने की पहल सुकमा पुलिस का कहना है कि “निवा दुवड़ ते” अभियान का उद्देश्य केवल सुरक्षा व्यवस्था तक सीमित नहीं है, बल्कि दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले लोगों के साथ संवाद स्थापित करना भी है।
अभियान के माध्यम से पुलिस यह संदेश देने का प्रयास कर रही है कि पुलिस ग्रामीणों की सहायता और सुरक्षा के लिए हमेशा उनके साथ है। सिंगाराम गांव में पुलिस की इस पहल को लेकर ग्रामीणों और बच्चों में उत्साह दिखाई दिया। ग्रामीणों ने पुलिस अधिकारियों से खुलकर बातचीत की और अपनी बात रखी। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आने वाले समय में भी ऐसे अभियान लगातार चलाए जाएंगे, ताकि अंदरूनी क्षेत्रों में रहने वाले लोगों तक पुलिस की पहुंच और मजबूत हो सके।
Tags: