Kanker. कांकेर। जिले में अवैध नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे “उजियारा अभियान” के तहत कोरर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने रात के समय कार से अंग्रेजी शराब की तस्करी करते तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 132 लीटर से अधिक शराब, कार, नगदी और मोबाइल फोन सहित कुल 5 लाख 18 हजार 320 रुपये का सामान जब्त किया गया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा के निर्देशन में की गई। अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश कुमार साहू और अनुविभागीय अधिकारी पुलिस हरीश पाटिल के मार्गदर्शन में थाना कोरर पुलिस अवैध गतिविधियों पर नजर रख रही थी। पुलिस को सूचना मिली थी कि एक सफेद रंग की स्विफ्ट डिजायर कार में कुछ लोग अवैध रूप से शराब का परिवहन कर रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने रात 5 और 6 सितंबर की दरमियानी रात चिल्हाटी चौक मुख्य मार्ग पर घेराबंदी की।
कार से मिली शराब की बड़ी खेप
पुलिस ने संदिग्ध कार क्रमांक CG-05-M-7788 को रोककर जांच की। कार में सवार तीन लोगों से पूछताछ की गई। तलाशी लेने पर वाहन से बड़ी मात्रा में अंग्रेजी शराब बरामद हुई। पुलिस के अनुसार, कार से 7 पेटी सिंबा एक्स्ट्रा स्ट्रांग बीयर, 8 पेटी जम्मू स्पेशल व्हिस्की और 1 पेटी इंपिरियल ब्लू अंग्रेजी शराब मिली। जब्त शराब की कुल मात्रा 132.360 लीटर बताई गई है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 73 हजार 320 रुपये है। इसके अलावा पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 25 हजार रुपये नगद और तीन स्मार्टफोन मोबाइल भी जब्त किए हैं। मोबाइल की कीमत करीब 1 लाख 20 हजार रुपये बताई गई है। शराब परिवहन में इस्तेमाल की गई स्विफ्ट डिजायर कार की कीमत करीब 3 लाख रुपये आंकी गई है।
तीनों आरोपियों को भेजा गया न्यायिक रिमांड पर
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रेम कुमार सिन्हा पिता रामनाथ सिन्हा उम्र 28 वर्ष निवासी ग्राम करिहा थाना चारामा जिला कांकेर, उमेंद्र बघेल पिता संतराम बघेल उम्र 27 वर्ष निवासी ग्राम बागडूंगरी थाना नरहरपुर जिला कांकेर और रोहित देवांगन पिता गोवर्धन देवांगन उम्र 32 वर्ष निवासी दुर्गा चौक जगदलपुर थाना कोतवाली जगदलपुर जिला बस्तर के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) और भारतीय न्याय संहिता की धारा 112 के तहत अपराध दर्ज किया है। आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस अब मामले में आगे की जांच कर रही है।
पुलिस टीम की रही अहम भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी कोरर निरीक्षक नरेंद्र कुमार मिश्रा, उप निरीक्षक ऋषभ वाजपेयी, सहायक उप निरीक्षक छत्रपाल सिंह साहू सहित पुलिस टीम के अन्य जवानों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले में अवैध शराब और नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखकर कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस ने की लोगों से अपील
कांकेर पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध या आपराधिक गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। पुलिस का कहना है कि अपराध नियंत्रण में जनता की भागीदारी बेहद जरूरी है। पुलिस ने अपराध संबंधी सूचना देने के लिए हेल्पलाइन नंबर 94791-55125 जारी किया है। अधिकारियों ने बताया कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।