Kanker. कांकेर। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले की सीमा से लगे महाराष्ट्र के गढ़चिरौली जिले में पुलिस ने प्रतिबंधित सुगंधित तंबाकू के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। गट्टा पुलिस ने जांभलीझोरा गांव में छापेमारी कर बड़ी मात्रा में प्रतिबंधित तंबाकू, पैकिंग मशीन और एक स्कॉर्पियो वाहन जब्त किया है। पुलिस के अनुसार, जब्त किए गए सामान की कुल कीमत 22 लाख 50 हजार 230 रुपए है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मामले से जुड़े चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक आरोपी फरार है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
जांभलीझोरा गांव में हुई छापेमारी
जानकारी के अनुसार, गट्टा पुलिस को सूचना मिली थी कि जांभलीझोरा गांव में प्रतिबंधित सुगंधित तंबाकू का अवैध कारोबार संचालित किया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान पुलिस को मौके से प्रतिबंधित सुगंधित तंबाकू, उसे पैक करने वाली मशीन और परिवहन में इस्तेमाल किए जा रहे स्कॉर्पियो वाहन समेत अन्य सामान मिला। पुलिस ने सभी सामानों को जब्त कर लिया और मौके पर मौजूद आरोपियों को हिरासत में लिया।
चार आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अजीत जोहन कुजूर, साईनाथ कन्नाके, सचिन कन्नाके, अभिजित नान्हे के रूप में हुई है। वहीं मामले में शामिल एक अन्य आरोपी प्रशांत याडवार फरार बताया जा रहा है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है।
22.50 लाख रुपए का सामान जब्त
गट्टा पुलिस ने कार्रवाई के दौरान प्रतिबंधित सुगंधित तंबाकू के साथ पैकिंग मशीन और स्कॉर्पियो वाहन को जब्त किया है। पुलिस के मुताबिक, जब्त सामग्री की कुल कीमत 22 लाख 50 हजार 230 रुपए आंकी गई है। जब्त सामान को पुलिस ने कब्जे में लेकर आगे की जांच शुरू कर दी है।
अन्य आरोपियों और नेटवर्क की तलाश
मामले की जांच पुलिस उपनिरीक्षक दयानंद भोंबे कर रहे हैं। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि प्रतिबंधित तंबाकू का यह कारोबार कितने समय से चल रहा था और इसमें कौन-कौन लोग शामिल हैं। इसके अलावा पुलिस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है। फरार आरोपी की तलाश के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
अवैध कारोबार पर पुलिस की नजर
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रतिबंधित पदार्थों के अवैध कारोबार पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। ऐसे मामलों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। गट्टा पुलिस की इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में चल रहे अवैध तंबाकू कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मचा हुआ है।
Tags: