छत्तीसगढ़
ड्यूटी के दौरान शराब पीकर वाहन चलाना पड़ा भारी MCB में आरक्षक सेवा से बर्खास्त
Shantanu Roy
20 Sept 2026 7:03 PM IST

x
छग
M.C.B. एम.सी.बी। ड्यूटी के दौरान शराब सेवन करने और शासकीय वाहन को दुर्घटनाग्रस्त करने के मामले में पुलिस विभाग ने सख्त कार्रवाई की है। जिला पुलिस एम.सी.बी. ने आरक्षक क्रमांक 204 अविनाश गुप्ता को विभागीय जांच में दोषी पाए जाने के बाद सेवा से पृथक कर दिया है। मामला जनकपुर थाना क्षेत्र का है, जहां 19 जुलाई 2026 को डायल-112 वाहन क्रमांक CG 03 A 2700 में ड्यूटी के दौरान आरक्षक अविनाश गुप्ता द्वारा शराब सेवन किए जाने और वाहन दुर्घटनाग्रस्त होने की घटना सामने आई थी।
ब्रेथ एनालाइजर जांच में मिला अल्कोहल
घटना के बाद पुलिस विभाग ने आरक्षक की जांच कराई थी। ब्रेथ एनालाइजर जांच में उसके शरीर में 388 MG एल्कोहल कंटेंट पाया गया था। ड्यूटी के दौरान शराब सेवन करना पुलिस सेवा नियमों के विपरीत माना गया। इसके साथ ही शासकीय वाहन के दुर्घटनाग्रस्त होने से वाहन भी क्षतिग्रस्त हुआ था।
लापरवाही और अनुशासनहीनता के आरोप
मामले में आरक्षक अविनाश गुप्ता पर ड्यूटी के दौरान शराब सेवन, शासकीय वाहन को दुर्घटनाग्रस्त करने, कर्तव्य के प्रति लापरवाही और अनुशासनहीनता जैसे आरोप लगाए गए। विभाग ने मामले को गंभीरता से लेते हुए प्रारंभिक कार्रवाई की। कार्यालयीन आदेश दिनांक 20 जुलाई 2026 के माध्यम से आरक्षक को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया था।
विभागीय जांच में आरोप हुए प्रमाणित
निलंबन के बाद पुलिस विभाग द्वारा मामले की विभागीय जांच कराई गई। जांच प्रक्रिया के दौरान सामने आए तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आरक्षक के खिलाफ लगाए गए आरोप प्रमाणित पाए गए। विभागीय जांच पूरी होने के बाद सक्षम प्राधिकारी ने कार्रवाई करते हुए 16 सितंबर 2026 को आरक्षक क्रमांक 204 अविनाश गुप्ता को पुलिस सेवा से पृथक करने का आदेश जारी किया।
पुलिस विभाग ने अपनाया सख्त रुख
पुलिस विभाग ने इस कार्रवाई के जरिए स्पष्ट संदेश दिया है कि ड्यूटी के दौरान अनुशासनहीनता, शराब सेवन और कर्तव्य में लापरवाही को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। शासकीय वाहन और संसाधन जनता की सेवा के लिए होते हैं। इनके उपयोग में लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों के खिलाफ विभागीय नियमों के अनुसार कार्रवाई की जाएगी। इस मामले में कार्रवाई के बाद पुलिस विभाग ने अपने कर्मचारियों को ड्यूटी के दौरान जिम्मेदारी और अनुशासन बनाए रखने के निर्देश दिए हैं।
Next Story





