Bilaspur. बिलासपुर। शासकीय बिलासा कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय की छात्रा प्रशंसा पांडे का चयन संसद भवन, नई दिल्ली में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करने के लिए हुआ है। इस उपलब्धि पर महाविद्यालय में उनका सम्मान कर आगामी राष्ट्रीय प्रतिनिधित्व के लिए शुभकामनाएं दी गईं। महाविद्यालय के प्राचार्य कमलेश सर सहित प्रोफेसर मंजू माधुरी बाजपेयी, चौधरी सर, सिन्हा मैडम, सीमा मिश्रा और डॉ. पूजा शर्मा सहित अन्य प्राध्यापकों ने प्रशंसा पांडे का अभिनंदन किया। सभी ने उनकी उपलब्धि को महाविद्यालय और बिलासपुर के लिए गौरव का विषय बताते हुए संसद भवन में बेहतर प्रतिनिधित्व की शुभकामनाएं दीं।
प्रशंसा पांडे का चयन 2 अक्टूबर को महात्मा गांधी जयंती के अवसर पर संसद भवन, नई दिल्ली में होने वाले कार्यक्रम के लिए हुआ है। इस दौरान वे छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करेंगी। प्रशंसा इससे पहले भी युवा नेतृत्व और संवाद के क्षेत्र में प्रदेश स्तर पर अपनी पहचान बना चुकी हैं। वे नेशनल यूथ पार्लियामेंट की प्रदेश विजेता हैं। इसके अलावा विकसित भारत लीडर्स डायलॉग में भी राज्य स्तर पर उपलब्धि दर्ज करा चुकी हैं। पिछले दो वर्षों से नेशनल यूथ पार्लियामेंट के माध्यम से वे विधानसभा स्तर पर युवाओं की भागीदारी और प्रतिनिधित्व से जुड़ी गतिविधियों में सक्रिय रही हैं।
युवा नेतृत्व के क्षेत्र में उनके योगदान को देखते हुए युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार की ओर से उन्हें Youth Icon की उपाधि भी प्रदान की गई है। Youth Icon के रूप में वे नशामुक्त भारत अभियान सहित युवाओं से जुड़े विभिन्न राष्ट्रीय कार्यक्रमों में सहभागिता कर चुकी हैं। इसके अलावा प्रधानमंत्री के साथ आयोजित ‘खेल की बात’ और युवा संवाद जैसे कार्यक्रमों में भी प्रशंसा पांडे ने Youth Icon के रूप में भाग लिया है। लगातार राष्ट्रीय और राज्य स्तरीय कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी ने उन्हें युवा नेतृत्व के क्षेत्र में अलग पहचान दिलाई है।
संसद भवन में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करने के लिए चयन को उनके निरंतर परिश्रम, नेतृत्व क्षमता और युवाओं से जुड़े कार्यक्रमों में सक्रिय भूमिका का परिणाम माना जा रहा है। महाविद्यालय परिवार ने कहा कि प्रशंसा की उपलब्धि अन्य छात्राओं और युवाओं को भी आगे बढ़ने तथा राष्ट्रीय मंचों पर अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए प्रेरित करेगी। महाविद्यालय में सम्मान के दौरान प्राध्यापकों ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। प्रशंसा पांडे का संसद भवन में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करना बिलासपुर के साथ पूरे प्रदेश के लिए गर्व का अवसर माना जा रहा है। 2 अक्टूबर को होने वाले कार्यक्रम में प्रशंसा पांडे की सहभागिता पर अब महाविद्यालय और शहर की नजर रहेगी। युवाओं के बीच नेतृत्व, संवाद और सामाजिक भागीदारी के क्षेत्र में उनकी यह उपलब्धि प्रेरणादायक मानी जा रही है।