छत्तीसगढ़

रंगदारी मामले में शोएब ढेबर फरार, दो पुलिसकर्मी लाइन अटैच

Shantanu Roy
1 Oct 2026 9:53 PM IST
रंगदारी मामले में शोएब ढेबर फरार, दो पुलिसकर्मी लाइन अटैच
x
छग
Raipur. रायपुर। कांग्रेस नेता आनंद कुकरेजा से कथित तौर पर 25 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने के मामले में आरोपी शोएब ढेबर फरार है। पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीमें उसकी तलाश में लगातार दबिश दे रही हैं। इसी बीच रायपुर कमिश्नरेट पुलिस ने तेलीबांधा थाने और एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट में पदस्थ दो आरक्षकों को लाइन अटैच कर दिया है। दोनों पर लापरवाही के आरोप बताए जा रहे हैं, हालांकि कार्रवाई के स्पष्ट कारण अभी सामने नहीं आए हैं।
डीसीपी मध्य क्षेत्र तारकेश्वर पटेल की ओर से जारी आदेश में तेलीबांधा थाने में पदस्थ आरक्षक अजीत कुमार गुप्ता को तत्काल प्रभाव से रक्षित केंद्र रायपुर से संबद्ध किया गया है। वहीं क्राइम एवं साइबर डीसीपी स्मृतिक राजनाला की ओर से जारी आदेश में एंटी क्राइम साइबर यूनिट में पदस्थ आरक्षक शिवम द्विवेदी को प्रशासनिक कारणों से तत्काल प्रभाव से रक्षित केंद्र पुलिस कमिश्नरेट रायपुर वापस भेजे जाने की जानकारी दी गई है। यह कार्रवाई ऐसे समय हुई है, जब पुलिस शोएब ढेबर की तलाश में अलग-अलग ठिकानों पर दबिश दे रही है। शोएब ढेबर को इस मामले में पहले गिरफ्तार किया गया था, लेकिन कोर्ट से जमानत मिलने के बाद वह बाहर आ गया था।
इसके बाद रायपुर कमिश्नरेट पुलिस ने उसे दोबारा गिरफ्तार करने के लिए न्यायालय से अनुमति मांगी। 29 सितंबर को हुई सुनवाई के बाद कोर्ट ने शोएब की गिरफ्तारी की अनुमति दे दी। आदेश मिलने के बाद पुलिस ने उसकी तलाश तेज कर दी। पुलिस टीमों ने शोएब के पाम बेलाजिओ स्थित ठिकाने, बैरन बाजार और उसके पारिवारिक आवास सहित करीब आधा दर्जन स्थानों पर दबिश दी, लेकिन वह हाथ नहीं लगा। पुलिस को आशंका है कि वह राज्य से बाहर जा सकता है। इसी वजह से उसके संभावित ठिकानों और संपर्क में रहने वाले लोगों पर भी नजर रखी जा रही है।
पूरा मामला कांग्रेस नेता आनंद कुकरेजा को आए एक कथित धमकी भरे फोन कॉल से जुड़ा है। बताया गया कि अज्ञात नंबर से कॉल करने वाले ने खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ा बताया और रंगदारी की मांग की। शिकायत मिलने के बाद तेलीबांधा थाना पुलिस और एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट ने मामले की जांच शुरू की। जांच के दौरान जांजगीर-चांपा निवासी एक युवक को गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार पूछताछ में उस युवक ने शोएब ढेबर का नाम बताया। आरोप है कि शोएब ने ही युवक से फोन करवाया था। इसी आधार पर 26 सितंबर की देर रात एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और तेलीबांधा पुलिस ने शोएब ढेबर को गिरफ्तार किया था।
गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जमानत मिल गई। इसके बाद पुलिस ने आगे की कार्रवाई के लिए कोर्ट से दोबारा गिरफ्तारी की अनुमति मांगी। अनुमति मिलने के बाद से शोएब फरार बताया जा रहा है। मामले में पुलिस अब उसकी लोकेशन और संपर्कों की जानकारी जुटा रही है। संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। साथ ही यह भी देखा जा रहा है कि फरारी के दौरान उसे किसी तरह की मदद तो नहीं मिल रही है।
इधर, दो पुलिसकर्मियों को लाइन अटैच किए जाने के बाद विभागीय स्तर पर भी मामला चर्चा में है। आदेश में एक आरक्षक को प्रशासनिक कारणों से और दूसरे को तत्काल रक्षित केंद्र भेजे जाने की बात कही गई है। हालांकि यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि दोनों के खिलाफ किस विशेष लापरवाही के आधार पर यह कार्रवाई की गई। फिलहाल शोएब ढेबर पुलिस की गिरफ्त से बाहर है और उसकी तलाश जारी है। रंगदारी मामले में आगे की कार्रवाई और दो पुलिसकर्मियों के खिलाफ हुई विभागीय कार्रवाई को लेकर पुलिस कमिश्नरेट की अगली जानकारी का इंतजार है।
Next Story