Raipur. रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में यातायात व्यवस्था को सुगम और व्यवस्थित बनाने के लिए ट्रैफिक पुलिस ने नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ विशेष अभियान शुरू किया है। शहर के व्यस्ततम शास्त्री चौक और उसके आसपास निर्धारित प्रतिबंधित मार्गों पर ऑटो, ई-रिक्शा और मैजिक यात्री वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाई गई है। इसके बावजूद नियमों का उल्लंघन करने वाले 27 ऑटो और ई-रिक्शा चालकों के खिलाफ मोटरयान अधिनियम के तहत चालानी कार्रवाई की गई है। पुलिस ने वाहन चालकों को चेतावनी दी है कि भविष्य में प्रतिबंधित मार्गों पर वाहन चलाते पाए जाने पर और सख्त कार्रवाई की जाएगी।
जानकारी के अनुसार, रायपुर शहर में बढ़ते यातायात दबाव को नियंत्रित करने और प्रमुख मार्गों पर वाहनों की आवाजाही व्यवस्थित रखने के उद्देश्य से शास्त्री चौक के चारों ओर स्थित प्रमुख मार्गों पर ऑटो, ई-रिक्शा और मैजिक यात्री वाहनों के आवागमन को प्रतिबंधित किया गया है। यह प्रतिबंध प्रतिदिन सुबह 5 बजे से रात 12 बजे तक लागू रहेगा। यातायात पुलिस द्वारा निर्धारित व्यवस्था के अनुसार, जयस्तंभ चौक की ओर से शास्त्री चौक आने वाले ऑटो और ई-रिक्शा को बांबे मार्केट टर्निंग से आगे प्रवेश करने की अनुमति नहीं है। इसी तरह रेलवे स्टेशन की ओर से आने वाले यात्री वाहनों के लिए मरहीमाता चौक से प्रवेश प्रतिबंधित किया गया है।
महिला थाना की ओर से आने वाले ऑटो और ई-रिक्शा चालक बंजारी चौक से आगे प्रतिबंधित मार्ग में प्रवेश नहीं कर सकेंगे। वहीं, कलेक्ट्रेट चौक की ओर से आने वाले ऐसे वाहनों के लिए कलेक्ट्रेट चौक से प्रवेश पर रोक लगाई गई है। यातायात पुलिस ने वाहन चालकों की सुविधा के लिए वैकल्पिक मार्ग भी निर्धारित किए हैं। इसके तहत ऑटो, ई-रिक्शा और मैजिक वाहन चालक बंजारी चौक से बांबे मार्केट टर्निंग, रजबंधा मैदान, मरहीमाता चौक, खालसा स्कूल तिराहा, खजाना चौक और राजभवन चौक होकर आवागमन कर सकते हैं।
प्रतिबंधित मार्ग और निर्धारित समय का पालन सुनिश्चित कराने के लिए डीसीपी ट्रैफिक एवं प्रोटोकॉल डॉ. अर्चना झा के निर्देशन में पिछले दो दिनों से विशेष चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत यातायात पुलिस की टीमों ने विभिन्न स्थानों पर वाहनों की जांच की और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की। अभियान के दौरान यातायात थाना प्रभारी शारदा चौक और यातायात थाना प्रभारी पंडरी की टीमों ने शास्त्री चौक तथा घड़ी चौक क्षेत्र में विशेष चेकिंग की। जांच के दौरान 27 ऑटो और ई-रिक्शा चालक ऐसे मिले, जो निर्धारित प्रतिबंधित समय में प्रतिबंधित मार्गों पर वाहन चला रहे थे।
पुलिस ने इन सभी 27 वाहन चालकों के खिलाफ मोटरयान अधिनियम के प्रावधानों के तहत वैधानिक चालानी कार्रवाई की। इसके साथ ही वाहन चालकों को यातायात नियमों की जानकारी देते हुए भविष्य में निर्धारित मार्गों का पालन करने की समझाइश दी गई। यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया कि शास्त्री चौक शहर का महत्वपूर्ण और व्यस्त यातायात क्षेत्र है। यहां वाहनों की अनियंत्रित आवाजाही से जाम और यातायात अव्यवस्था की स्थिति उत्पन्न हो सकती है। इसी को ध्यान में रखते हुए यात्री वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए गए हैं।
डीसीपी ट्रैफिक एवं प्रोटोकॉल डॉ. अर्चना झा के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान का उद्देश्य नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के साथ सड़क पर यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाना है। पुलिस ने चेतावनी दी है कि प्रतिबंधित मार्ग और समय का उल्लंघन करने वाले चालकों के खिलाफ आगामी दिनों में अधिक सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। रायपुर यातायात पुलिस ने सभी ऑटो, ई-रिक्शा और मैजिक वाहन चालकों से अपील की है कि वे निर्धारित प्रतिबंधित मार्गों और समय का पालन करें। साथ ही शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने में सहयोग दें। पुलिस ने बताया कि यातायात नियमों का उल्लंघन रोकने के लिए चेकिंग अभियान आगे भी जारी रहेगा।