Korba. कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा में सोशल मीडिया पर दहशत और कथित डॉनगिरी दिखाने वाली रील बनाने के आरोप में कोतवाली पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार किया है। दोनों के खिलाफ अलग-अलग मामलों में कार्रवाई की गई है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पुरानी बस्ती निवासी गौतम तंवर और फोकटपारा निवासी हर्ष वैष्णव उर्फ गब्बर के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, गौतम तंवर पर लोगों से शराब पीने के लिए पैसे मांगने और खुद को कोरबा का गुंडा-डॉन बताकर सोशल मीडिया पर वीडियो पोस्ट करने का आरोप है। वहीं, हर्ष वैष्णव पर धारदार चापड़ लहराकर लोगों को डराने-धमकाने का आरोप है। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान हर्ष के कब्जे से चापड़ बरामद किया है।
खुद को बताता था कोरबा का डॉन
पहला मामला पुरानी बस्ती क्षेत्र का बताया जा रहा है। पुलिस के अनुसार, 22 वर्षीय गौतम तंवर सोशल मीडिया पर अपनी कथित डॉनगिरी दिखाने वाले वीडियो बनाकर पोस्ट करता था। वह खुद को कोरबा का गुंडा और डॉन बताता था तथा लोगों से शराब पीने के लिए पैसे मांगने का आरोप भी उस पर है। बताया गया कि गौतम खुद को ‘भाई जी’ कहलवाता था। उसके व्यवहार और सोशल मीडिया गतिविधियों को लेकर शिकायत मिलने के बाद कोतवाली पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक, कार्रवाई के बाद गौतम को बस स्टैंड क्षेत्र में पैदल परेड भी कराई गई। पुलिस का दावा है कि गौतम पुराना बदमाश है और उसके खिलाफ पहले से कई मामले दर्ज हैं। पुलिस उसके पुराने आपराधिक रिकॉर्ड की जानकारी भी खंगाल रही है।
चापड़ लहराने की सूचना पर घेराबंदी
दूसरा मामला फोकटपारा इलाके से सामने आया। यहां रहने वाले हर्ष वैष्णव उर्फ गब्बर के हाथ में धारदार चापड़ होने और उसे लहराकर लोगों को डराने-धमकाने की सूचना पुलिस को मिली थी। सूचना मिलने के बाद कोतवाली पुलिस ने मौके पर घेराबंदी की। पुलिस के अनुसार, कार्रवाई के दौरान हर्ष वैष्णव को धारदार चापड़ के साथ पकड़ लिया गया। उसके कब्जे से हथियार बरामद करने का दावा पुलिस ने किया है। कोतवाली थाना प्रभारी प्रेमचंद साहू ने बताया कि हर्ष वैष्णव उर्फ गब्बर के चापड़ लहराकर लोगों को डराने की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने कार्रवाई की और उसे हथियार के साथ पकड़ा। पुलिस ने हर्ष के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया। इसके बाद उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस उसके पुराने आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच कर रही है।
त्योहारों को देखते हुए अभियान
पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देश पर त्योहारों के दौरान शहर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत बदमाशों, अवैध हथियार रखने वालों और लोगों में दहशत पैदा करने की कोशिश करने वाले तत्वों पर नजर रखी जा रही है। कोतवाली पुलिस सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक गतिविधियों और आपराधिक छवि प्रदर्शित करने वाले वीडियो पर भी नजर रख रही है। पुलिस का कहना है कि सोशल मीडिया के जरिए दहशत फैलाने या आपराधिक गतिविधियों को बढ़ावा देने की कोशिश करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। थाना प्रभारी प्रेमचंद साहू ने कहा कि शहर में हुड़दंग करने और लोगों के बीच भय का माहौल बनाने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
Tags: