पुलिस ने अंतरराज्यीय गांजा तस्करी के बड़े नेटवर्क का किया पर्दाफाश, तस्कर गिरफ्तार

छग

Update: 2026-02-15 15:28 GMT
Baloda Bazar. बलौदाबाजार। जिले में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार पर पुलिस ने एक बार फिर सख्त कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय गांजा तस्करी के एक बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। बलौदाबाजार पुलिस के चौकी बया टीम ने ओडिशा के बरगढ़ जिले से तीसरे आरोपी कुलमणी साहू उर्फ घसिया (43 वर्ष), निवासी देवांनपाली (बनबासु), जिला बरगढ़ को गिरफ्तार किया है। इस गिरफ्तारी के साथ पुलिस ने गांजा की खरीद-बिक्री और सप्लाई नेटवर्क में शामिल सभी सक्रिय तत्वों का खुलासा करने का दावा किया है।
पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। इसी महीने की शुरुआत में, 7 जनवरी 2026 को साइबर सेल और चौकी बया की संयुक्त टीम ने ग्राम बार में दो तस्करों को गिरफ्तार किया था। इन आरोपियों की पहचान सूरज सेन उर्फ परसूराम और फलेश साहू के रूप में हुई। उनके कब्जे से कुल 7.938 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया गया था, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत लगभग 3,96,900 रुपए बताई गई। साथ ही, पुलिस ने घटना में इस्तेमाल एक बिना नंबर की जुपिटर स्कूटी और एक मोबाइल फोन भी जब्त किया था। चौकी बया थाना राजादेवरी में एनडीपीएस एक्ट के तहत आरोपियों के विरुद्ध मामला दर्ज किया गया।
इस मामले की गंभीरता को देखते हुए, एसपी भावना गुप्ता ने टीम को निर्देश दिए कि पूरी सप्लाई लाइन का पता लगाया जाए। इसके बाद पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर ओडिशा के बरगढ़ जिले में दबिश दी और मुख्य आरोपी कुलमणी साहू को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह ओडिशा से गांजा लाकर पहले गिरफ्तार किए गए आरोपियों को सप्लाई करता था। ये आरोपियों ने बलौदाबाजार और आसपास के क्षेत्रों में गांजा बेचते थे। पुलिस का कहना है कि इस गिरफ्तारी के साथ अंतरराज्यीय गांजा तस्करी का एक बड़ा नेटवर्क ध्वस्त हुआ है। आरोपी कुलमणी साहू को 14 जनवरी को कोर्ट में पेश किया गया और न्यायालय ने उसे जेल भेज दिया। अभी मामले की जांच जारी है और यह पता लगाया जा रहा है कि आरोपी अन्य राज्यों में कहां-कहां गांजा सप्लाई करता था।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यह कार्रवाई न केवल गांजा तस्करों के खिलाफ है बल्कि युवाओं को नशे की लत से बचाने और समाज में कानून का भय कायम करने के लिए भी महत्वपूर्ण है। बलौदाबाजार पुलिस लगातार अवैध मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री, तस्करी और सप्लाई नेटवर्क पर नज़र रख रही है और किसी भी संदिग्ध गतिविधि को नजरअंदाज नहीं किया जाएगा। इस मामले से जिले और आसपास के क्षेत्रों में नशा तस्करों और गिरोहों में हड़कंप मच गया है। पुलिस ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि वे किसी भी अवैध नशे की गतिविधि की सूचना तुरंत थाने या डायल 112 पर दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
Tags:    

Similar News