Raigarh रायगढ़। नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन आघात’ के तहत पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपियों के कब्जे से कुल 23.3 लीटर अवैध शराब और शराब बिक्री के 200 रुपए जब्त किए गए हैं। तीनों आरोपियों के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।
पहली कार्रवाई भूपदेवपुर थाना क्षेत्र में की गई। 9 सितंबर को पुलिस टीम को सूचना मिली कि किरोड़ीमल नगर की ओर से दो व्यक्ति अंग्रेजी शराब बिक्री के लिए पैदल भूपदेवपुर की तरफ आ रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने ग्राम भूपदेवपुर मुख्य मार्ग स्थित बाजार चौक के पास नाकाबंदी की।
पुलिस के अनुसार, हाथ में थैला लेकर आ रहे दो संदिग्ध नाकाबंदी देखकर भागने लगे, जिन्हें घेराबंदी कर पकड़ लिया गया। पूछताछ में उनकी पहचान 21 वर्षीय विकास कुमार यादव और 28 वर्षीय ब्रिजेश यादव के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उनके थैले से 35 पाव अंग्रेजी सिंडिकेट व्हिस्की बरामद की गई। इसकी कुल मात्रा 6.300 लीटर और कीमत करीब 4,200 रुपए बताई गई है। दोनों के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(2) और 59(क) के तहत कार्रवाई की गई।
दूसरी कार्रवाई 10 सितंबर को तमनार थाना क्षेत्र में हुई। पुलिस को सूचना मिली थी कि सिदारपारा-मिलुपारा निवासी कन्हैया सारथी अपने घर में कच्ची महुआ शराब रखकर कथित तौर पर बिक्री कर रहा है। पुलिस टीम ने उसके घर पहुंचकर जांच की। पुलिस के मुताबिक आरोपी की निशानदेही पर घर की बाड़ी में छिपाकर रखी गई 17 लीटर महुआ शराब बरामद हुई, जिसकी कीमत करीब 3,400 रुपए बताई गई है। इसके अलावा शराब बिक्री के 200 रुपए भी जब्त किए गए।
कन्हैया सारथी के खिलाफ भी आबकारी एक्ट की धारा 34(2) और 59(क) के तहत कार्रवाई की गई। पुलिस के अनुसार तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद रिमांड पर भेज दिया गया। एसएसपी शशि मोहन सिंह के मार्गदर्शन में ‘ऑपरेशन आघात’ के तहत नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान जारी है।
Tags: