नाबालिग से दुष्कर्म का आरोप, केस दर्ज होने के 3 घंटे के भीतर युवक गिरफ्तार
छग
Rajnandgaon राजनांदगांव। बसंतपुर थाना पुलिस ने नाबालिग बालिका से कथित दुष्कर्म के मामले में 21 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक मामला दर्ज होने के महज तीन घंटे के भीतर आरोपी को हिरासत में लेकर आवश्यक कार्रवाई के बाद न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया। आरोपी की पहचान चौखड़ियापारा निवासी करण यादव के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, 9 सितंबर को पीड़िता की ओर से बसंतपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई गई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि करण यादव ने पीड़िता के नाबालिग होने की जानकारी के बावजूद उसके साथ जबरदस्ती शारीरिक संबंध बनाए। बाद में बालिका के गर्भवती होने की जानकारी सामने आई।
शिकायत में यह बात भी सामने आई है कि 9 सितंबर को आरोपी ने पीड़िता से विवाह किया था। पुलिस इस पहलू को भी मामले की विवेचना में शामिल कर रही है। नाबालिग से संबंधित होने के कारण मामले में पॉक्सो एक्ट के प्रावधान लागू किए गए हैं। प्रार्थिया की रिपोर्ट के आधार पर बसंतपुर थाने में अपराध क्रमांक 416/2026 दर्ज किया गया। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 65(1), 87 और पॉक्सो एक्ट की धारा 4 के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों को तत्काल सूचना दी गई। पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के मार्गदर्शन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर और नगर पुलिस अधीक्षक वैशाली जैन के निर्देशन में आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित की गई।
थाना प्रभारी निरीक्षक कौशलेश देवांगन के नेतृत्व में टीम ने आरोपी के संभावित ठिकानों पर दबिश दी। पुलिस के मुताबिक एफआईआर दर्ज होने के करीब तीन घंटे के भीतर करण यादव को हिरासत में ले लिया गया। आवश्यक पूछताछ और कानूनी प्रक्रिया के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया। मामले की आगे की विवेचना जारी है।