Raipur रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विरासत पर आधारित फिल्म ‘हनुमान अंश’ को छत्तीसगढ़ में टैक्स फ्री करने की घोषणा की है। मुख्यमंत्री ने राजधानी के जोरा मॉल स्थित सिनेमाघर में सपरिवार फिल्म देखी। इस दौरान राज्यपाल रमेन डेका और विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह भी अपने परिवार के साथ मौजूद रहे। मंत्रिपरिषद के सदस्यों और विभिन्न निगम-मंडल-आयोगों के अध्यक्षों ने भी फिल्म देखी।
फिल्म देखने के बाद मुख्यमंत्री साय ने कहा कि भारतीय संस्कृति, आध्यात्मिक विरासत और संत परंपरा से समाज को परिचित कराने वाली प्रेरणादायी फिल्मों को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचना चाहिए। इसी उद्देश्य से राज्य में ‘हनुमान अंश’ को टैक्स फ्री करने का निर्णय लिया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि फिल्म को टैक्स फ्री किए जाने से अधिक दर्शकों, खासकर युवाओं को भारत की समृद्ध संत परंपरा और उससे जुड़े जीवन मूल्यों को जानने का अवसर मिलेगा।
सीएम साय ने कहा कि भारत की संत परंपरा ने हमेशा समाज को सत्य, सेवा, करुणा, प्रेम और आध्यात्मिकता का मार्ग दिखाया है। संतों ने अपने जीवन और आचरण के माध्यम से मानवता तथा लोककल्याण का संदेश दिया। उन्होंने नीम करौली बाबा के जीवन को इसी महान परंपरा का प्रेरणादायी उदाहरण बताया। मुख्यमंत्री ने कहा कि नीम करौली बाबा ने सरल जीवन के माध्यम से प्रेम, सेवा और भक्ति का संदेश दिया। उनका जीवन यह सीख देता है कि मानव सेवा ही ईश्वर की सच्ची सेवा है। उनके विचारों में मानवता और सभी के प्रति समान भाव सर्वोपरि रहा।
मुख्यमंत्री साय ने फिल्म के निर्माता, निर्देशक, कलाकारों और पूरी टीम की सराहना भी की। उन्होंने कहा कि सिनेमा केवल मनोरंजन का साधन नहीं है, बल्कि समाज तक विचार, संस्कार और प्रेरणा पहुंचाने का प्रभावी माध्यम भी है। उल्लेखनीय है कि ‘हनुमान अंश’ नीम करौली बाबा के जीवन, उनकी आध्यात्मिक यात्रा तथा सेवा और भक्ति के संदेश पर आधारित फिल्म है। मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसी फिल्में नई पीढ़ी को अपनी जड़ों, परंपराओं और मानवीय मूल्यों से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
Tags: