मंत्री ओपी चौधरी ने बरमकेला ब्लॉक में करीब 1 करोड़ के विकास कार्यों का लोकार्पण
छग
Sarangarh-Bilaigarh. सारंगढ़-बिलाईगढ़। वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक ओपी चौधरी ने गुरुवार संध्या अपने विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले बरमेकला ब्लॉक में व्यापक विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया। इस दौरान लगभग 1 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का लोकार्पण किया गया, जबकि 9 लाख रुपये की लागत वाले नए कार्यों का भूमिपूजन भी किया गया। वित्त मंत्री ने गोबरसिंहा, साल्हेओना मानिकपुर बड़े, विश्वासपुर और बरगांव सहित कई गांवों में पहुंचकर विभिन्न विकास कार्यों की सौगात दी। कार्यक्रम की शुरुआत छत्तीसगढ़ महतारी के चित्र पर माल्यार्पण और पूजा-अर्चना के साथ की गई। इस अवसर पर ग्रामीणों और किसानों में उत्साह देखने को मिला।
किसानों ने समर्थन मूल्य पर खरीदी शुरू होने के अवसर पर वित्त मंत्री ओपी चौधरी का पारंपरिक तरीके से स्वागत किया और उन्हें सरसों तथा केले से तौला गया। इस कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष संजय भूषण पांडेय, उपाध्यक्ष अजय नायक, भाजपा जिलाध्यक्ष ज्योति पटेल, डॉ. अभिलाषा नायक सहित अनेक जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे। लोकार्पण किए गए प्रमुख विकास कार्यों में गोबरसिंहा में सीसी रोड निर्माण (फुरसो घर से लक्ष्मीनारायण घर तक) 10 लाख रुपये, बाजार परिसर में नाली निर्माण 10 लाख रुपये, सीसी रोड निर्माण 13 लाख रुपये तथा सड़क मरम्मत कार्य 5 लाख रुपये शामिल हैं। इसके अलावा मनरेगा योजना के तहत कटंगी नाला में 14.46 लाख रुपये की लागत से चेक डैम निर्माण कार्य भी शामिल है।
साल्हेओना में अटल डिजिटल सुविधा केंद्र (सीएससी भवन) निर्माण के लिए 5 लाख रुपये और शेड निर्माण के लिए 10 लाख रुपये के कार्यों का लोकार्पण किया गया। विश्वासपुर में सांस्कृतिक मंच निर्माण के लिए 3 लाख रुपये तथा सामुदायिक भवन निर्माण के लिए 15 लाख रुपये के कार्य शामिल हैं। वित्त मंत्री ने इस अवसर पर कहा कि क्षेत्र में लगातार विकास कार्यों को गति दी जा रही है और जनता की जरूरतों के अनुसार योजनाओं को लागू किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों के लिए वे पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं और जब तक जीवन है, क्षेत्र के विकास के लिए कार्य करते रहेंगे।
उन्होंने ग्रामीणों से संवाद करते हुए कहा कि जनता का सहयोग और आशीर्वाद ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है, जिससे वे लगातार विकास कार्यों को आगे बढ़ा पा रहे हैं। कार्यक्रम के दौरान वित्त मंत्री ने मानिकपुर बड़े सहित कई गांवों में लगभग 10-10 लाख रुपये के नए विकास कार्य स्वीकृत करने की घोषणा भी की। साथ ही विश्वासपुर के राधा माधव मंदिर के विकास कार्यों के लिए 20 लाख रुपये की स्वीकृति की घोषणा की गई, जिससे स्थानीय लोगों में खुशी की लहर देखी गई। इस दौरान बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, पंचायत प्रतिनिधि और ग्रामीण मौजूद रहे। पूरे कार्यक्रम में विकास कार्यों की घोषणा और लोकार्पण को लेकर ग्रामीणों में सकारात्मक माहौल देखने को मिला।