भारत

क्लब संचालक के बेटे की संदिग्ध मौत, फार्महाउस में पिस्टल से लगी गोली

Shantanu Roy
24 April 2026 5:46 PM IST
क्लब संचालक के बेटे की संदिग्ध मौत, फार्महाउस में पिस्टल से लगी गोली
x
बड़ी खबर
Gorakhpur. गोरखपुर। गोरखपुर में शुक्रवार को एक हाईप्रोफाइल मामला सामने आया, जहां मशहूर कारोबारी और गोरखपुर क्लब के संचालक अतुल श्रीवास्तव के बेटे अम्बरीश श्रीवास्तव (40) की गोली लगने से मौत हो गई। अम्बरीश ने अपने फार्महाउस में लाइसेंसी पिस्टल से खुद को गोली मारी, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
जानकारी के अनुसार, अम्बरीश शुक्रवार सुबह करीब 8 बजे अपनी फॉर्च्यूनर कार से अकेले फार्महाउस पहुंचे थे। वहां पहुंचकर उन्होंने किसी से फोन पर बात की और फिर फार्महाउस की तीसरी मंजिल पर चले गए। लगभग साढ़े 8 से 9 बजे के बीच गोली चलने की आवाज सुनाई दी, जिसके बाद वहां मौजूद कर्मचारी मौके पर पहुंचे तो उन्होंने अम्बरीश को खून से लथपथ पाया।
पुलिस के अनुसार, घटनास्थल पर लगे सीसीटीवी फुटेज में अम्बरीश को कार से आते और ऊपर जाते हुए देखा गया है। एसपी सिटी निमिष पाटिल ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखा जा रहा है। हालांकि, परिवार की ओर से अलग ही दावा किया जा रहा है। परिजनों का कहना है कि अम्बरीश अपनी लाइसेंसी पिस्टल साफ कर रहे थे, तभी अचानक गोली चल गई और यह हादसा हो गया। पुलिस इस बयान की भी जांच कर रही है।
अम्बरीश श्रीवास्तव शहर के बड़े कारोबारी परिवार से थे। उनके पिता अतुल श्रीवास्तव 'एके टेंट हाउस' के नाम से बड़ा कारोबार चलाते हैं और कई सामाजिक संगठनों से भी जुड़े रहे हैं। अम्बरीश खुद भी कारोबार में सक्रिय थे और टेंट, ठेकेदारी और होटल व्यवसाय से जुड़े हुए थे। उनका ‘FIVE SENSES’ नाम से होटल भी संचालित है, जिसमें बैंक्वेट और रेस्टोरेंट शामिल है। परिवार के अनुसार, अम्बरीश गुरुवार रात घर में ही थे और शुक्रवार सुबह ड्राइवर के न आने पर खुद ही फार्महाउस के लिए निकल गए। फार्महाउस उनके घर से लगभग 10 किलोमीटर दूर कुसमी जंगल क्षेत्र में स्थित है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया। पोस्टमॉर्टम हाउस पर कई राजनीतिक और सामाजिक लोग भी पहुंचे। बाद में शव को परिजनों को सौंप दिया गया। अम्बरीश की पत्नी दीपाली श्रीवास्तव और उनके दो बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। अंतिम दर्शन के लिए घर पर बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। पुलिस ने पूरे फार्महाउस को सील कर दिया है और फॉरेंसिक टीम जांच में जुटी है।
सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल कॉल डिटेल और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की गहन जांच की जा रही है। एसएसपी डॉ. कौस्तुभ ने बताया कि घटना के हर पहलू की जांच की जा रही है और अभी किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी। पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि घटना के समय अम्बरीश किससे बात कर रहे थे। फिलहाल यह मामला आत्महत्या या दुर्घटना के बीच उलझा हुआ है और पुलिस जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी। पूरे शहर में इस घटना को लेकर चर्चा का माहौल बना हुआ है।
Next Story