Bilaspur. बिलासपुर। छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट के महाधिवक्ता कार्यालय के नाम से मिलती-जुलती वेबसाइट पर ऑनलाइन सट्टे और लॉटरी के विज्ञापन प्रदर्शित होने का मामला सामने आया है। इसकी जानकारी मिलने के बाद महाधिवक्ता विवेक शर्मा ने चकरभाठा थाना पुलिस से संपर्क किया। शुरुआत में वेबसाइट हैक होने की आशंका जताई गई थी। हालांकि, पुलिस की प्रारंभिक जांच में हैकिंग की पुष्टि नहीं हुई है। मामला एक पुराने एक्सपायर्ड वेब पेज के इस्तेमाल से जुड़ा बताया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, महाधिवक्ता कार्यालय की ओर से चकरभाठा थाना प्रभारी अनिल अग्रवाल को फोन कर मामले की सूचना दी गई थी। उन्हें बताया गया कि हाईकोर्ट के नाम से मिलती-जुलती वेबसाइट पर सट्टे से संबंधित विज्ञापन दिखाई दे रहे हैं। वेबसाइट हैक होने की आशंका के चलते पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया। थाना प्रभारी ने इसकी जानकारी वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह को दी, जिसके बाद जांच शुरू की गई। चकरभाठा थाना प्रभारी अनिल अग्रवाल के मुताबिक, प्रारंभिक जांच में सामने आया कि मामला वेबसाइट हैकिंग से संबंधित नहीं है। जिस वेबसाइट पर सट्टे और ऑनलाइन लॉटरी के विज्ञापन दिखाई दे रहे थे, वह पुरानी वेबसाइट से जुड़ा एक्सपायर्ड वेब पेज है। इसका इस्तेमाल अब किसी अन्य कंपनी द्वारा किए जाने की जानकारी मिली है।
पुलिस के अनुसार, हाईकोर्ट की पुरानी वेबसाइट को पहले एक निजी वेंडर के माध्यम से डिजाइन कराया गया था। वेबसाइट की अवधि समाप्त होने के बाद छत्तीसगढ़ इन्फोटेक प्रमोशन सोसाइटी (चिप्स) और हाईकोर्ट ने पुरानी वेबसाइट का इस्तेमाल बंद कर दिया था। वेब डेवलपर ने भी इसे हटा दिया था। हालांकि, पुराने वेब पेज का नाम इंटरनेट पर दिखाई दे रहा था। जांच के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि वेबसाइट और डोमेन से जुड़ी सेवाएं उपलब्ध कराने वाली अंतरराष्ट्रीय कंपनी गॉडैडी पुराने डोमेन को दोबारा बिक्री के लिए उपलब्ध कराती है। पुलिस के मुताबिक, पुराने वेब पेज का कंटेंट हटाए जाने के बावजूद उसका नाम गूगल की सर्च रैंकिंग में दिखाई दे रहा था। इसी से जुड़े वेब पेज पर ऑनलाइन सट्टे और लॉटरी के विज्ञापन प्रदर्शित होने लगे थे।
हाईकोर्ट के नाम से मिलते-जुलते वेब पेज पर इस तरह के विज्ञापन दिखाई देने के बाद पुलिस ने संबंधित कंपनियों से संपर्क किया है। पुलिस की ओर से गॉडैडी और गूगल को आधिकारिक ई-मेल भेजकर पुराने एक्सपायर्ड वेब पेज को तत्काल हटाने के लिए कहा गया है। इसका उद्देश्य हाईकोर्ट के नाम से मिलते-जुलते वेब पेज के कारण उत्पन्न होने वाली भ्रम की स्थिति को दूर करना है। थाना प्रभारी अनिल अग्रवाल ने बताया कि इस मामले में फिलहाल कोई एफआईआर दर्ज नहीं की गई है। पुलिस ने अब तक किसी प्रकार का आपराधिक प्रकरण भी कायम नहीं किया है। पुलिस के अनुसार, यदि पुराना वेब पेज पूरी तरह नहीं हटाया गया और उसका इस्तेमाल किसी अन्य कंपनी द्वारा किया जा रहा है, तो यह लापरवाही का मामला हो सकता है।
वहीं, वेब डेवलपर की ओर से बताया गया है कि वेबसाइट डिजाइन करने वाली कंपनी ने पुराने वेब पेज को कथित तौर पर दोबारा बेच दिया था। इसके बाद उसी के माध्यम से विज्ञापन प्रदर्शित किए जा रहे थे। पुलिस ने इस संबंध में रायपुर की संबंधित वेब डेवलपर कंपनी को जवाब देने के लिए तलब किया है। मामले में पुराने वेब पेज के प्रबंधन, उसके इस्तेमाल और कथित रूप से दोबारा बिक्री किए जाने से संबंधित तथ्यों की जांच महत्वपूर्ण मानी जा रही है। फिलहाल पुलिस संबंधित कंपनियों से जवाब मिलने का इंतजार कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि पुराने वेब पेज पर विज्ञापन प्रदर्शित होने के लिए कौन जिम्मेदार है और इस मामले में आगे किसी कानूनी कार्रवाई की आवश्यकता है या नहीं।
Tags: