भारत

BIG BREAKING: परिसीमन विधेयक से पहले PM मोदी की अहम बैठक

Shantanu Roy
29 Nov 2026 8:00 PM IST
BIG BREAKING: परिसीमन विधेयक से पहले PM मोदी की अहम बैठक
x
बड़ी खबर
New Delhi. नई दिल्ली। संसद के विशेष सत्र से पहले परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़े संविधान संशोधन विधेयक को लेकर राष्ट्रीय राजनीति में हलचल तेज हो गई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने आवास पर भारतीय जनता पार्टी के संसदीय दल की कार्यकारी समिति की महत्वपूर्ण बैठक की। यह बैठक ऐसे समय में हुई है, जब केंद्र सरकार लोकसभा और राज्य विधानसभाओं की सीटों के पुनर्गठन के साथ महिला आरक्षण लागू करने से संबंधित संवैधानिक प्रस्ताव संसद में पेश करने की तैयारी कर रही है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर बैठक की तस्वीर साझा करते हुए बताया कि विभिन्न विषयों पर सार्थक बातचीत हुई। संसद के विशेष सत्र से ठीक पहले आयोजित इस बैठक को राजनीतिक दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। बीजेपी अपने सांसदों को प्रस्तावित विधेयक के प्रावधानों और संसदीय रणनीति से अवगत कराने में जुटी है। वहीं, विपक्षी दल भी विधेयक को लेकर अपनी रणनीति तैयार कर रहे हैं। केंद्र सरकार नए परिसीमन और संविधान संशोधन के माध्यम से लोकसभा तथा राज्य विधानसभाओं में सीटों की संख्या बढ़ाने की दिशा में आगे बढ़ रही है। प्रस्ताव में वर्ष 2051 तक निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाओं और सीटों को स्थिर रखने के साथ महिला आरक्षण लागू करने की व्यवस्था भी शामिल बताई गई है। सरकार के इस प्रस्ताव को लेकर विभिन्न राजनीतिक दलों के बीच समर्थन और विरोध का दौर जारी है।
इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक वीडियो संदेश जारी कर महिला आरक्षण लागू करने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने 'नारी शक्ति वंदन संशोधन' को समय की आवश्यकता बताते हुए कहा कि महिला सशक्तिकरण को लेकर सरकार का संकल्प अडिग है। प्रधानमंत्री ने कहा कि देश की राजनीतिक व्यवस्था में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने का संघर्ष कई दशकों से जारी है। पीएम मोदी ने कहा कि बीजेपी और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन महिलाओं से किए गए अपने वादे पर कायम हैं। उन्होंने दलीय हितों को राष्ट्रीय हितों से ऊपर रखने की राजनीति पर भी निशाना साधा। प्रधानमंत्री के अनुसार, जब राजनीतिक दल अपने हितों को प्राथमिकता देते हैं, तब महिला सशक्तिकरण और राष्ट्रीय हित प्रभावित होते हैं।
30 नवंबर 2026 से शुरू होने वाले संसद के विशेष सत्र में परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़े प्रस्ताव पर व्यापक चर्चा होने की संभावना है। सरकार के सामने संविधान संशोधन विधेयक को आवश्यक बहुमत के साथ पारित कराने की चुनौती है। इस बीच डीएमके और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के शरद पवार गुट के समर्थन की जानकारी से लोकसभा में बहुमत का गणित बदलता दिखाई दे रहा है। संविधान संशोधन विधेयक पारित कराने के लिए संसद के दोनों सदनों में विशेष बहुमत आवश्यक होता है। इसके तहत सदन की कुल सदस्य संख्या का बहुमत और उपस्थित तथा मतदान करने वाले सदस्यों के कम से कम दो-तिहाई मतों का समर्थन जरूरी होता है। ऐसे में सांसदों की उपस्थिति और मतदान के दौरान विभिन्न राजनीतिक दलों का रुख बेहद महत्वपूर्ण होगा।
इससे पहले अप्रैल 2026 में परिसीमन से संबंधित एक विधेयक लोकसभा में आवश्यक बहुमत हासिल नहीं कर पाया था। उस दौरान विधेयक के पक्ष में 298 सांसदों ने मतदान किया था, जबकि विरोध में 230 वोट पड़े थे। विधेयक आवश्यक बहुमत से 54 वोट पीछे रह गया था। इस बार उपलब्ध राजनीतिक आंकड़ों के अनुसार, विधेयक पारित कराने के लिए सरकार 360 वोटों की आवश्यकता बताई जा रही है। एनडीए के पास 321 सांसदों का समर्थन है, जबकि विपक्षी इंडिया गठबंधन के पास 175 सांसद बताए गए हैं। डीएमके के 22 और एनसीपी शरद पवार गुट के आठ सांसदों का समर्थन मिलने की स्थिति में सरकार के पक्ष में कुल 351 सांसद हो सकते हैं।
इस गणित के अनुसार सरकार आवश्यक बहुमत से नौ वोट दूर रहेगी। ऐसे में अन्य राजनीतिक दलों और निर्दलीय सांसदों का रुख महत्वपूर्ण हो सकता है। हालांकि, आवश्यक मतों की वास्तविक संख्या सदन में उपस्थित और मतदान करने वाले सदस्यों की संख्या पर भी निर्भर करेगी। परिसीमन का मुद्दा देश के संसदीय प्रतिनिधित्व से सीधे जुड़ा हुआ है। वहीं, महिला आरक्षण लागू होने से राजनीतिक व्यवस्था में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने का रास्ता खुलेगा। दोनों विषयों को लेकर सरकार और विपक्ष के बीच संसदीय बहस पर सभी की निगाहें टिकी हुई हैं। प्रधानमंत्री मोदी की अध्यक्षता में हुई बीजेपी संसदीय दल की कार्यकारी समिति की बैठक के बाद विशेष सत्र का राजनीतिक महत्व और बढ़ गया है। अब देखना होगा कि केंद्र सरकार संविधान संशोधन विधेयक के लिए आवश्यक समर्थन जुटाने में कितनी सफल होती है और संसद में विभिन्न राजनीतिक दल क्या रुख अपनाते हैं।
Next Story