छत्तीसगढ़
रायपुर प्रेस क्लब गोलीकांड: पलाश गिरफ्तार, हथियार कहां से आया इसका जवाब नहीं!
Shantanu Roy
29 Nov 2026 1:06 PM IST

x
छग
रायपुर प्रेस क्लब फायरिंग मामले में गैंगस्टर दिलीप मिश्रा का नाम फिर चर्चा में, पिस्टल का राज बरकरार।
गैंगस्टर दिलीप मिश्रा से जुड़े कथित कनेक्शन की चर्चा के बीच पलाश तिवारी जेल में
गैंगस्टर दिलीप मिश्रा का कथित नेटवर्क जांच के घेरे में? प्रेस क्लब फायरिंग की पिस्टल का मालिक कौन?
Tittos Club में होती थी पलाश और दिलीप की गोपनीय बैठक
प्रेस क्लब फायरिंग केस में गैंगस्टर दिलीप मिश्रा का कनेक्शन जांच का विषय
पिस्टल से रायपुर शहर में बड़ी वारदात होने की भी थी संभावना
Raipur. रायपुर। राजधानी के प्रेस क्लब परिसर में 24 अक्टूबर को हुई फायरिंग की घटना को एक महीने से अधिक समय बीत चुका है, लेकिन मामले में इस्तेमाल की गई पिस्टल के मालिक और उसे सप्लाई करने वाले व्यक्ति का पता अब तक नहीं चल पाया है। फायरिंग के आरोपी पलाश तिवारी को पुलिस गिरफ्तार कर चुकी है और न्यायालय के आदेश पर उसे जेल भी भेजा जा चुका है। हालांकि, अवैध हथियार कहां से आया और किसने आरोपी तक पहुंचाया, इन अहम सवालों का जवाब अब तक सामने नहीं आया है। मामले में पुलिस की जांच की रफ्तार को लेकर सवाल उठने लगे हैं। जिस घटना के तार शहर में अवैध हथियारों की सप्लाई से जुड़ सकते थे, उसमें अब तक हथियार के स्रोत का खुलासा नहीं हो सका है। इससे यह आशंका भी बनी हुई है कि राजधानी में अवैध पिस्टल की सप्लाई करने वाला नेटवर्क सक्रिय हो सकता है, जिसकी कड़ियां पुलिस की जांच के दायरे में आनी बाकी हैं। सूत्र बताते है कि ये पिस्टल रायपुरा निवासी गैंगस्टर दिलीप मिश्रा का है जिसका टिटोस क्लब में काफी उठना बैठना बताया जा रहा है। सूत्रों के मुताबिक इस पिस्टल पर काफी राज़ दबे हुए है। इसी पिस्टल से रायपुर शहर में बड़ी वारदात होने की भी संभावना जताई जा रही है। अब ये पुलिस की जांच का विषय है कि पुलिस गैंगस्टर दिलीप मिश्रा से किस तरह से पूछताछ करती है? अब देखने वाली बात ये है कि प्रेस क्लब में जो गोली चली अगर वो पिस्टल दिलीप मिश्रा के माध्यम से पुलिस ने मुहैया कराया है तो वो पिस्टल कहां है जिससे प्रेस क्लब में गोली चलाई गई है और दिलीप मिश्रा का जो नाम सामने आ रहा है, उस पर रायपुर कमिश्नरेट की पुलिस जांच क्यों नहीं कर रही है?
गिरफ्तारी के बाद भी हथियार का नेटवर्क बेनकाब नहीं
पुलिस ने घटना के बाद पलाश तिवारी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से फायरिंग में इस्तेमाल पिस्टल, एक खाली खोखा और दो जिंदा कारतूस बरामद किए थे। इस मामले में कोतवाली थाने में अपराध क्रमांक 410/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 125, 351(2) और आर्म्स एक्ट की धारा 25, 27 के तहत अपराध दर्ज किया गया था। आरोपी की गिरफ्तारी और जेल भेजे जाने के बाद भी जांच का एक महत्वपूर्ण पहलू अनसुलझा है। पिस्टल किसकी थी? आरोपी को यह हथियार किसने उपलब्ध कराया था? क्या पिस्टल लाइसेंसी थी या अवैध तरीके से खरीदी गई थी? इन सवालों का स्पष्ट जवाब अब तक सामने नहीं आया है।
पुलिसकर्मी और आदतन बदमाश की संलिप्तता का मामला भी चर्चा में
इस पूरे घटनाक्रम में एक पुलिसकर्मी और आदतन बदमाश की कथित संलिप्तता की बात भी सामने आई थी। ऐसे में हथियार की खरीद-फरोख्त और उसे उपलब्ध कराने वाले लोगों तक पहुंचना जांच का अहम हिस्सा हो सकता है। यदि पिस्टल के वास्तविक मालिक और सप्लायर की पहचान हो जाती, तो शहर में अवैध हथियारों की आपूर्ति से जुड़े संभावित नेटवर्क का भी खुलासा हो सकता था।
एक महीने बाद भी जांच अधूरी, उठ रहे सवाल
24 अक्टूबर को हुई इस घटना के बाद आरोपी की गिरफ्तारी तो जल्द हो गई, लेकिन हथियार के स्रोत का पता लगाने में जांच आगे बढ़ती नजर नहीं आ रही है। करीब एक महीने बाद भी पिस्टल के मालिक, उसकी वैधता और सप्लायर को लेकर कोई स्पष्ट जानकारी सार्वजनिक नहीं हुई है। राजधानी के प्रेस क्लब जैसे सार्वजनिक परिसर में फायरिंग की घटना सामान्य कानून-व्यवस्था का मामला नहीं है। यह शहर में हथियारों की उपलब्धता और उनकी सप्लाई व्यवस्था को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े करती है। फिलहाल पूरे मामले की जांच रायपुर कोतवाली पुलिस कर रही है। अब देखना होगा कि पुलिस हथियार के वास्तविक मालिक और उसे आरोपी तक पहुंचाने वाले व्यक्ति की पहचान कर पाती है या नहीं। जांच में देरी के बीच सबसे बड़ा सवाल यही है कि फायरिंग करने वाले आरोपी की गिरफ्तारी के बाद हथियार के नेटवर्क तक पहुंचने में पुलिस को अब तक सफलता क्यों नहीं मिली?
Next Story





