अवैध रेत भंडारण पर बड़ी कार्रवाई, 2600 घन मीटर रेत जब्त

छग

Update: 2026-06-29 16:26 GMT
Kawardha. कवर्धा। कबीरधाम जिले में अवैध खनन और खनिजों के अवैध भंडारण पर रोक लगाने के लिए खनिज विभाग द्वारा लगातार सघन अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में खनिज विभाग, राजस्व विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने ग्राम खरहट्टा में बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से भंडारित करीब 2600 घन मीटर रेत जब्त की है। जानकारी के अनुसार, खनिज विभाग को अवैध रेत भंडारण की सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना के आधार पर संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर क्षेत्र का निरीक्षण किया। जांच के दौरान वहां बड़ी मात्रा में रेत अवैध रूप से भंडारित पाई गई।

जिसके बाद टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उसे नियमानुसार जब्त कर लिया। अधिकारियों के अनुसार, जब्त की गई रेत को सुरक्षित रखा गया है और मामले में आगे की वैधानिक प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। खनिज विभाग ने स्पष्ट किया है कि संबंधित प्रकरण में खनिज नियमों के तहत आवश्यक कार्रवाई की जा रही है और दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे। खनिज विभाग के अधिकारियों ने बताया कि जिले में अवैध खनन, अवैध परिवहन और अवैध भंडारण पर रोक लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। समय-समय पर विभाग, राजस्व और पुलिस की संयुक्त टीमें फील्ड में जाकर जांच कर रही हैं ताकि अवैध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा सके।

अधिकारियों ने यह भी कहा कि इस तरह की गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी और किसी को भी नियमों का उल्लंघन करने की अनुमति नहीं दी जाएगी। उन्होंने यह भी बताया कि भविष्य में भी इस प्रकार की संयुक्त जांच और कार्रवाई अभियान लगातार जारी रहेगा। स्थानीय स्तर पर इस कार्रवाई को अवैध खनन पर बड़ी रोकथाम के रूप में देखा जा रहा है। प्रशासन का कहना है कि प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण और अवैध कारोबार पर नियंत्रण के लिए ऐसी कार्रवाई आगे भी सख्ती से जारी रहेगी।
Tags:    

Similar News