हिरासत के बाद युवक की मौत मामले में बड़ा एक्शन, चांपा TI और ASI लाइन अटैच
छग
Janjgir-Champa. जांजगीर-चांपा। अवैध शराब बिक्री के मामले में हिरासत में लिए गए कुल्लू उर्फ शिव साहिस की इलाज के दौरान हुई मौत के मामले में पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय ने कार्रवाई का दायरा बढ़ा दिया है। एक आरक्षक को पहले ही निलंबित किए जाने के बाद अब चांपा थाना प्रभारी निरीक्षक अशोक वैष्णव और सहायक उप निरीक्षक बाबूलाल दिवाकर को रक्षित केंद्र जांजगीर लाइन अटैच कर दिया गया है। इसके साथ ही चांपा थाने की कमान सारागांव थाना प्रभारी निरीक्षक कमलेश शेण्डे को सौंपी गई है। पुलिस के मुताबिक चांपा के मेहंदीपारा निवासी कुल्लू उर्फ शिव साहिस को बुधवार को अवैध शराब बिक्री के एक मामले में हिरासत में लिया गया था। उसके खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत कार्रवाई की गई थी।
बताया गया कि बुधवार शाम हिरासत के दौरान कुल्लू की तबीयत बिगड़ गई। इसके बाद उसे इलाज के लिए चांपा अस्पताल ले जाया गया। वहां उसकी हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे बेहतर उपचार के लिए जांजगीर जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में कुल्लू का उपचार किया जा रहा था, लेकिन गुरुवार सुबह करीब 8 बजे इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। हिरासत में लिए जाने के बाद युवक की तबीयत बिगड़ने और फिर मौत होने की खबर मिलते ही मामला गरमा गया।
परिजनों ने लगाए मारपीट के आरोप
कुल्लू की मौत की जानकारी मिलने के बाद उसके परिजन और स्थानीय लोग आक्रोशित हो गए। बड़ी संख्या में लोग चांपा थाने पहुंचे और घेराव कर विरोध जताया। परिजनों ने आरोप लगाया कि हिरासत के दौरान कुल्लू के साथ मारपीट और प्रताड़ना की गई थी। हालांकि पुलिस की ओर से कहा गया कि युवक की तबीयत बिगड़ने के बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया था और बाद में जिला अस्पताल में उपचार के दौरान उसकी मौत हुई। मौत के वास्तविक कारण और परिजनों की ओर से लगाए गए आरोप जांच का विषय हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी विजय कुमार पाण्डेय ने शुरुआती कार्रवाई करते हुए आरक्षक ईश्वरी राठौर को निलंबित कर दिया था। इसके बाद अब पुलिस अधीक्षक ने प्रशासनिक स्तर पर दो और पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की है।
TI अशोक वैष्णव और ASI बाबूलाल दिवाकर लाइन अटैच
एसपी ने चांपा थाना प्रभारी निरीक्षक अशोक वैष्णव और सहायक उप निरीक्षक बाबूलाल दिवाकर को रक्षित केंद्र जांजगीर लाइन अटैच कर दिया है। इस तरह मामले में अब तक एक आरक्षक को निलंबित करने के साथ थाना प्रभारी और एएसआई पर भी कार्रवाई हुई है। कार्रवाई के साथ ही जिले में थाना प्रभारियों की जिम्मेदारियों में बदलाव किया गया है। सारागांव थाना प्रभारी निरीक्षक कमलेश शेण्डे को चांपा थाने का नया प्रभारी बनाया गया है। अब वे चांपा थाने की कमान संभालेंगे।
वहीं यातायात शाखा में पदस्थ निरीक्षक प्रमोद कश्यप को सारागांव थाना प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इस बदलाव के बाद चांपा और सारागांव दोनों थानों में नए प्रभारी जिम्मेदारी संभालेंगे। युवक की मौत के बाद परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों और पूरे घटनाक्रम को लेकर मामला संवेदनशील बना हुआ है। पुलिस प्रशासन की ओर से लगातार कार्रवाई की जा रही है। अब आगे की जांच में युवक की मौत की परिस्थितियों और हिरासत के दौरान हुई घटनाओं से जुड़े तथ्यों के स्पष्ट होने की उम्मीद है।