दशगात्र कार्यक्रम में गए परिवार के घर चोरी, सोने-चांदी के जेवर लेकर फरार हुए चोर

छग

Update: 2026-06-09 17:44 GMT
Bilaspur. बिलासपुर। सरकंडा थाना क्षेत्र के ग्राम उर्तुम में एक सूने मकान को निशाना बनाकर अज्ञात चोरों ने सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर लिए। घटना उस समय हुई जब परिवार गांव से बाहर एक पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने गया हुआ था। मामले की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार ग्राम उर्तुम निवासी मीनाबाई गंधर्व अपने पति और बच्चों के साथ 31 मई को अपने ससुराल ग्राम नेवसा में आयोजित दसगात्र कार्यक्रम में शामिल होने गई थीं। परिवार के सभी सदस्य घर से बाहर थे, जिसके कारण मकान बंद पड़ा हुआ था। इस दौरान अज्ञात चोरों ने घर को निशाना बनाया।
बताया गया कि 7 जून की सुबह करीब 10 बजे जब परिवार वापस अपने घर पहुंचा तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ मिला। घर के भीतर प्रवेश करने पर सामान बिखरा पड़ा था और अलमारी का लॉक भी टूटा हुआ था। अलमारी की जांच करने पर परिवार को पता चला कि उसमें रखे कीमती जेवरात और अन्य सामान गायब हैं। चोरी हुए सामान में तीन जोड़ी चांदी की पायल, एक सोने का मंगलसूत्र, एक चांदी का चम्मच तथा सोने की फुल्ली शामिल है। पीड़ित परिवार के अनुसार चोरी गए सामान की कुल कीमत लगभग 30 हजार रुपये आंकी गई है। घटना के बाद तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी गई।
मोपका पुलिस सहायता केंद्र में शिकायत दर्ज होने के बाद मामले की मूल डायरी सरकंडा थाना भेजी गई, जहां भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) 2023 की संबंधित धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। जांच अधिकारी यह पता लगाने का प्रयास कर रहे हैं कि चोरी की वारदात को किन लोगों ने अंजाम दिया और क्या किसी स्थानीय व्यक्ति को परिवार के बाहर होने की जानकारी थी। ग्रामीण क्षेत्र में हुई इस चोरी की घटना के बाद स्थानीय लोगों में भी चिंता का माहौल है। पुलिस ने लोगों से घर छोड़कर बाहर जाने की स्थिति में पड़ोसियों को सूचना देने और सुरक्षा के अतिरिक्त इंतजाम करने की अपील की है। फिलहाल पुलिस संदिग्धों की तलाश में जुटी हुई है और जल्द ही आरोपियों तक पहुंचने का दावा कर रही है।
Tags:    

Similar News