Bilaspur. बिलासपुर। जिले के रतनपुर और कोटा क्षेत्र में बदमाशों द्वारा दो अलग-अलग घटनाओं में हिंसा की गई, जिससे इलाके में दहशत का माहौल बन गया है। एक ओर जहां बाइक चलाने को लेकर हुए विवाद में एक युवक पर चाकू से हमला किया गया, वहीं दूसरी ओर चलती कार पर पथराव कर एक युवती को गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। जानकारी के अनुसार, पहली घटना कोटा-रतनपुर मार्ग पर लखनी देवी मंदिर के पास हुई। कोटा के श्रीपारा निवासी अजय ध्रुव अपने दोस्त राहुल सिदार और रोहित धुर्वे के साथ ग्राम घासीपुर में एक शादी समारोह में शामिल होने गए थे। वहां से लौटते समय रास्ते में सामने से आ रही एक दूसरी बाइक पर सवार चार युवकों ने उनकी बाइक को खतरनाक तरीके से कट मार दिया।

जब अजय और उसके साथियों ने इसका विरोध करते हुए उन्हें समझाने की कोशिश की, तो विवाद बढ़ गया। आरोप है कि चारों युवक गाली-गलौज करने लगे और देखते ही देखते मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान बदमाशों ने चाकू से अजय ध्रुव पर हमला कर दिया, जिससे उसकी पीठ में गंभीर चोट आई। वारदात के बाद आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए। घायल अजय को तत्काल कोटा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां उसका प्राथमिक उपचार किया गया।
Tags: