दोस्त बना दुश्मन, वजह 10 तोले चांदी का चेन

छत्तीसगढ़

Update: 2021-10-11 07:07 GMT

बिलासपुर। सकरी क्षेत्र के अमेरी में रहने वाले युवक ने अपनी मां की चेन दोस्त को पहनने के लिए दे दिया। इसे वापस मांगने पर वह टालमटोल करने लगा। शनिवार की रात युवक अपने दोस्त के घर चांदी की चेन मांगने गया। इस दौरान उसकी मां ने गाली-गलौज कर भगा दिया। बाद में दोस्त ने अपने भाई के साथ मिलकर उसकी पिटाई की। इस बीच उसकी मां ने भी मारपीट की। घायल ने इसकी शिकायत सकरी थाने में की है। इस पर पुलिस जुर्म दर्ज कर मामले की जांच कर रही है।

सकरी क्षेत्र के अमेरी में रहने वाले विश्वजीत लहरे रोजी-मजदूरी करते हैं। उनकी मां के पास दस तोले का चांदी का चेन था। इसे उसने अपने दोस्त राहुल को पहनने के लिए दे दिया। बाद में विश्वजीत ने राहुल से अपनी चेन वापस मांगी। इस पर वह टालमटोल कर रहा था। कई बार मांगने पर भी चेन नहीं मिलने पर शनिवार की रात नौ बजे वह राहुल के घर चला गया। वहां उसने पूरी बात बताकर राहुल की मां से शिकायत की। इस पर राहुल की मां गनेशिया बाई ने विश्वजीत से गाली-गलौज कर भगा दिया।

वह घर लौट रहा था। इसी बीच राहुल अपने भाई स्र्पेश के साथ वहां दौड़ते हुए आया। दोनों ने मिलकर उसे गांव के जैतखाम के पास पकड़ लिया। इसके बाद उसकी पिटाई कर दी। मारपीट के दौरान उनकी मां गनेशिया भी आ गई। उसने भी विश्वजीत की पिटाई की। मारपीट के बीच विश्वजीत की नानी श्यामबाई और ममेरे भाई चिका ने आकर बीच-बचाव किया। इसके बाद दोनों भाई अपनी मां के साथ वहां से भाग निकले। पीड़ित ने रविवार की रात सकरी थाने पहुंचकर घटना की शिकायत की है। इस पर पुलिस इसकी जांच कर रही है।


Tags:    

Similar News