Kawardha. कवर्धा। छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने और उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य की सुरक्षा के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा लगातार निरीक्षण किया जा रहा है। इसी क्रम में विभाग की टीम ने बोड़ला-चिल्फी मार्ग पर संचालित तीन ढाबों का निरीक्षण किया। जांच के दौरान दो ढाबों से एक्सपायरी डेट की कोल्ड ड्रिंक की कुल 100 बोतलें और स्मूथ लस्सी के पैकेट मिले। विभाग की टीम ने एक्सपायरी खाद्य पदार्थों को मौके पर ही नष्ट करा दिया। इसके साथ ही अनियमितताएं मिलने पर तीनों ढाबा संचालकों को 15 दिनों के भीतर सुधार करने का नोटिस जारी किया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा संचालित ‘सुरक्षित आहार, हमार अधिकार’ अभियान के तहत 26 और 27 नवंबर को बोड़ला-चिल्फी मार्ग के खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। अभिहित अधिकारी मुकेश साहू और खाद्य सुरक्षा अधिकारी फणीभूषण जायसवाल के नेतृत्व में विभागीय टीम ने जेके छोटू ढाबा, रानीदरहा ढाबा और काका दा पंजाबी ढाबा की जांच की। निरीक्षण के दौरान टीम ने ढाबों में उपलब्ध खाद्य एवं पेय पदार्थों की गुणवत्ता, उनकी एक्सपायरी डेट और प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई की व्यवस्था का जायजा लिया। जांच के दौरान काका दा पंजाबी ढाबा में एक्सपायरी डेट की कोल्ड ड्रिंक की 55 बोतलें पाई गईं।
इसी तरह रानीदरहा ढाबा के निरीक्षण के दौरान एक्सपायरी कोल्ड ड्रिंक की 45 बोतलें और स्मूथ लस्सी के पैकेट मिले। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने दोनों प्रतिष्ठानों में मिले एक्सपायरी खाद्य एवं पेय पदार्थों को मौके पर ही नष्ट करा दिया, ताकि उनका उपयोग या बिक्री नहीं हो सके। विभागीय टीम ने तीनों ढाबों में खाद्य सुरक्षा से संबंधित व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। जांच के दौरान विभिन्न अनियमितताएं पाए जाने पर सभी ढाबा संचालकों को इंप्रूवमेंट नोटिस जारी किया गया है। नोटिस के माध्यम से संचालकों को 15 दिनों के भीतर आवश्यक सुधार करने के निर्देश दिए गए हैं। खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता का ध्यान रखना खाद्य प्रतिष्ठानों के संचालकों की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।
एक्सपायरी डेट वाले खाद्य एवं पेय पदार्थों का सेवन स्वास्थ्य के लिए हानिकारक हो सकता है। ऐसे में खाद्य प्रतिष्ठानों में उपलब्ध उत्पादों की उपयोग अवधि की नियमित जांच आवश्यक है। ‘सुरक्षित आहार, हमार अधिकार’ अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा विभाग खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर अनियमितताओं पर कार्रवाई कर रहा है। इस अभियान का उद्देश्य उपभोक्ताओं तक सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थों की उपलब्धता सुनिश्चित करना है। खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में संचालित होटल, ढाबों और अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण आगे भी जारी रहेगा। खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता से समझौता करने वाले प्रतिष्ठानों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल तीनों ढाबा संचालकों को व्यवस्थाओं में सुधार के लिए 15 दिनों का समय दिया गया है। विभाग की इस कार्रवाई से खाद्य प्रतिष्ठानों में गुणवत्ता और स्वच्छता संबंधी मानकों के पालन पर जोर दिया गया है।
Tags: