रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के रेलवे स्टेशन परिसर में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के उद्देश्य से शनिवार को रायपुर कमिश्नरेट पुलिस, रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और शासकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) ने संयुक्त रूप से सघन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान इमरजेंसी ड्रिल का भी अभ्यास किया गया। अभियान में संदिग्ध गतिविधियों में संलिप्त पाए गए व्यक्तियों का सत्यापन करने के साथ प्रतिबंधित सामग्री मिलने पर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस कमिश्नर रायपुर के निर्देश पर महत्वपूर्ण संस्थानों का सुरक्षा ऑडिट करने एवं आकस्मिक परिस्थितियों से निपटने के लिए कार्ययोजना तैयार करने के क्रम में 28 नवंबर 2026 को शाम लगभग 5:30 बजे रेलवे स्टेशन परिसर में यह अभियान संचालित किया गया।
डीसीपी सेंट्रल जोन तारकेश्वर पटेल एवं एडिशनल डीसीपी विवेक शुक्ला के नेतृत्व तथा सहायक पुलिस आयुक्त कोतवाली दीपक मिश्रा के पर्यवेक्षण में संयुक्त कार्रवाई की गई। अभियान में आरपीएफ, जीआरपी, जिला पुलिस और रक्षित केंद्र रायपुर के लगभग 50 महिला एवं पुरुष जवान शामिल रहे।
अभियान की शुरुआत में रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म क्रमांक एक और सात सहित स्टेशन के आउटर क्षेत्रों की घेराबंदी की गई। इसके बाद पुलिस की विभिन्न टीमों ने अलग-अलग प्लेटफॉर्म और स्टेशन परिसर में व्यवस्थित तरीके से क्षेत्रवार तलाशी अभियान चलाया।
सुरक्षा जांच के दौरान बॉम्ब डिस्पोजल स्क्वाड के साथ आरपीएफ और जिला पुलिस बल की डॉग स्क्वॉड टीमों को भी शामिल किया गया। पुलिसकर्मियों ने यात्रियों, उनके सामान और स्टेशन परिसर की सघन जांच की। रेलवे स्टेशन पर बड़ी संख्या में पुलिस जवानों की मौजूदगी और संयुक्त चेकिंग अभियान यात्रियों एवं आम नागरिकों के बीच चर्चा और उत्सुकता का विषय बना रहा।
चेकिंग के दौरान कुछ व्यक्तियों की गतिविधियां संदिग्ध पाई गईं। पुलिस द्वारा उनकी पहचान और अन्य आवश्यक विवरणों का सत्यापन किया जा रहा है। वहीं, कुछ व्यक्तियों के पास प्रतिबंधित सामग्री भी पाई गई है। इस संबंध में संबंधित पुलिस इकाइयों द्वारा आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है।
संयुक्त अभियान में आरपीएफ से निरीक्षक करम पाल सिंह गुर्जर, जीआरपी से निरीक्षक रजनीश कौशिक, थाना गंज से निरीक्षक दीपक पासवान, थाना गुढ़ियारी से निरीक्षक नरेंद्र साहू तथा रक्षित केंद्र रायपुर से निरीक्षक लव कुमार कंवर एवं निरीक्षक राम अवतार पटेल ने हिस्सा लिया।
महत्वपूर्ण सार्वजनिक संस्थानों की सुरक्षा व्यवस्था का आकलन करने के साथ आपातकालीन परिस्थितियों में विभिन्न सुरक्षा एजेंसियों के बीच समन्वय स्थापित करने के उद्देश्य से इमरजेंसी ड्रिल का अभ्यास भी किया गया। रेलवे स्टेशन जैसे व्यस्त सार्वजनिक स्थानों पर सुरक्षा ऑडिट और संयुक्त चेकिंग अभियान यात्रियों की सुरक्षा के लिहाज से महत्वपूर्ण हैं।
फिलहाल चेकिंग के दौरान संदिग्ध पाए गए व्यक्तियों के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है। प्रतिबंधित सामग्री मिलने के मामलों में संबंधित इकाइयां वैधानिक कार्रवाई कर रही हैं।