Raigarh. रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में चर्चित केलो डेम लूटकांड में कोतवाली पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। युवक और उसकी महिला मित्र से मारपीट कर मोबाइल फोन और नकदी लूटने के मामले में फरार चल रहे चौथे आरोपी मोहम्मद मोफिद आलम (20 वर्ष) को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से युवती का लूटा हुआ मोटोरोला मोबाइल, वारदात में इस्तेमाल की गई हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल और उसका मोबाइल फोन जब्त किया गया है। इस मामले में पुलिस पहले ही तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। चौथे आरोपी की गिरफ्तारी के बाद सभी चार नामजद आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की गई है।
केलो डेम घूमने गए युवक-युवती से हुई थी लूट
जानकारी के मुताबिक, रायगढ़ के जोगीडीपा निवासी सानू सारथी (22 वर्ष), पिता सोहन सारथी ने 12 अक्टूबर 2026 को कोतवाली थाने में लूट की शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के अनुसार, 11 अक्टूबर की शाम वह अपनी महिला मित्र के साथ बुलेट मोटरसाइकिल से केलो डेम घूमने गया था। शाम करीब 7:30 बजे दोनों वापस लौट रहे थे, तभी तीन-चार अज्ञात युवक उनके पास पहुंचे। आरोपियों ने महिला मित्र के साथ घूमने की बात पर सवाल करते हुए सानू से विवाद शुरू कर दिया। इसके बाद उसके साथ मारपीट की और जेब में रखे 1,500 रुपये, आईफोन 12 मिनी तथा युवती का मोटोरोला मोबाइल लूट लिया। वारदात के बाद आरोपी बुलेट मोटरसाइकिल की चाबी फेंककर फरार हो गए।
SSP के निर्देश पर पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने अपराध क्रमांक 597/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 115(2), 309(4) और 3(5) में मामला दर्ज किया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने नगर पुलिस अधीक्षक राहुल उईके और कोतवाली पुलिस को आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए। कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक अमित तिवारी ने एएसआई कोसो सिंह जगत और पुलिस टीम के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया। पीड़ितों और गवाहों से पूछताछ के बाद आरोपियों की तलाश शुरू की गई।
पहले गिरफ्तार हुए तीन आरोपी
पुलिस ने शुरुआती कार्रवाई में सोहेल अंसारी (23 वर्ष), निवासी इंदिरा नगर, रायगढ़ और रणवीर कुमार (22 वर्ष), मूल निवासी वैशाली, बिहार, वर्तमान निवासी उर्दना डीपापारा, रायगढ़ को गिरफ्तार किया। इसके बाद तीसरे आरोपी रामकुमार मेहता (24 वर्ष), मूल निवासी सुपौल, बिहार, वर्तमान निवासी कुरमापाली, रायगढ़ को पकड़ा गया। रामकुमार के कब्जे से युवक का लूटा हुआ आईफोन और वारदात में प्रयुक्त हीरो स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल क्रमांक CG 13 AX 1602 जब्त की गई। पूछताछ में पुलिस को जानकारी मिली कि युवती से लूटा गया मोटोरोला मोबाइल फरार आरोपी मोहम्मद मोफिद आलम के पास है।
पंचर दुकान पर दबिश देकर चौथे आरोपी को दबोचा
पुलिस के अनुसार, मोहम्मद मोफिद आलम उर्दना-रायगढ़ मार्ग स्थित एक गैरेज में पंचर बनाने का काम करता था। घटना के बाद से वह दुकान और घर से गायब था। कोतवाली पुलिस ने उसकी तलाश में मुखबिर लगाए थे। इसी दौरान आरोपी के दुकान पर दिखाई देने की सूचना मिली। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया। पहचान संबंधी कार्रवाई के बाद पुलिस पूछताछ में आरोपी ने अपने साथियों के साथ वारदात में शामिल होने की बात स्वीकार की।
लूटा गया मोबाइल और मोटरसाइकिल जब्त
पुलिस ने आरोपी मोहम्मद मोफिद आलम, पिता मोहम्मद महमुद आलम, उम्र 20 वर्ष, निवासी राजीवनगर मिट्ठूमुड़ा, थाना जूटमिल, रायगढ़ के मेमोरेंडम के आधार पर युवती का मोटोरोला मोबाइल, उसकी स्प्लेंडर मोटरसाइकिल और निजी मोबाइल फोन जब्त किया। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। इस कार्रवाई में निरीक्षक अमित तिवारी, एएसआई कोसो सिंह जगत, आरक्षक उत्तम सारथी, प्रताप बेहरा और मुरली मनोहर पटेल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
अपराधियों के खिलाफ जारी रहेगी सख्त कार्रवाई: SSP
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि अपराध करके कानून से बचने की कोशिश करने वालों के खिलाफ रायगढ़ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि आम नागरिकों की सुरक्षा और अपराधों पर त्वरित कार्रवाई पुलिस की प्राथमिकता है। अपराध में शामिल व्यक्तियों की पहचान कर उन्हें कानून के दायरे में लाया जाएगा।
Tags: