रायपुर में हुई ज़रा सी बारिश ने शहर को डुबोया

देखें VIDEO...

Update: 2026-07-04 12:43 GMT
Raipur. रायपुर। राजधानी में शनिवार की शाम मौसम ने अचानक करवट ली और हल्की बारिश होने से लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिली। दिनभर की उमस के बाद शाम को घिरे बादलों के साथ शुरू हुई बारिश देर तक तेज नहीं रही, लेकिन मद्धम बूंदाबांदी के चलते शहर के कई हिस्सों में पानी भर गया। बारिश के कारण भाठागांव बस स्टैंड पूरी तरह जलमग्न हो गया, जिससे यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। वहीं तेलीबांधा, घड़ी चौक, जय स्तंभ चौक, बोरियाखुर्द, डीडी नगर और टाटीबंध जैसे प्रमुख इलाकों की सड़कों और गलियों में पानी भर गया, जिससे आवागमन प्रभावित हुआ।


बारिश के दौरान घर लौट रहे कई लोग भीगते हुए नजर आए और सड़क किनारे पानी भरने के कारण वाहनों की रफ्तार धीमी पड़ गई। कई जगहों पर ट्रैफिक भी प्रभावित हुआ। स्थानीय लोगों का कहना है कि हर बारिश में शहर के निचले इलाकों में जलभराव की समस्या सामने आती है, लेकिन इस बार भी स्थिति में कोई खास सुधार नहीं दिखा। लोगों ने नगर निगम की व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि नालों की सफाई और ड्रेनेज सिस्टम की समय पर जांच नहीं होने से यह स्थिति बन रही है।




नगर निगम द्वारा नालों और मोहल्लों में बने ड्रेनेज सिस्टम की नियमित जांच नहीं किए जाने की बात भी सामने आई है, जिसके कारण बारिश का पानी सड़कों पर भर जाता है। हालांकि मौसम विभाग के अनुसार यह हल्की बारिश आगामी दिनों में भी जारी रह सकती है, जिससे तापमान में और गिरावट आने की संभावना है। फिलहाल बारिश के बाद शहर में मौसम सुहाना जरूर हुआ, लेकिन जलभराव ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दीं। स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि बरसात के मौसम से पहले नालों की सफाई और जल निकासी व्यवस्था को मजबूत किया जाए ताकि इस तरह की समस्या बार-बार न हो।
Tags:    

Similar News