हाईवा ने बाइक सवार को 100 मीटर घसीटा, युवक की दर्दनाक मौत

27 दिन पहले हुई थी शादी

Update: 2026-05-17 14:41 GMT
Janjgir-Champa. जांजगीर-चांपा। जिले में एनएच-49 पर पीसौद चौक के पास एक भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। तेज रफ्तार हाईवा ने बाइक को टक्कर मार दी और युवक को करीब 100 मीटर तक घसीटते हुए ले गया। हादसा सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र का है। पुलिस के अनुसार, घटना में बाइक सवार युवक के सिर में गंभीर चोटें आईं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायल युवक को तत्काल जांजगीर जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मृतक की पहचान कनाई निवासी जयराम कश्यप (22 वर्ष) के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद हाईवा वाहन को पुलिस ने जब्त कर लिया है, जबकि वाहन चालक मौके से फरार हो गया। उसकी तलाश जारी है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हाईवा की रफ्तार काफी तेज थी, जिसके कारण बाइक सवार युवक नियंत्रण नहीं रख सका और सीधे वाहन की चपेट में आ गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक को काफी दूरी तक घसीटता हुआ हाईवा आगे बढ़ गया।

घटना के बाद क्षेत्र में कुछ देर तक अफरा-तफरी का माहौल रहा और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए। पुलिस ने यातायात को नियंत्रित कर स्थिति सामान्य की। मृतक के परिजनों ने बताया कि जयराम कश्यप की शादी मात्र 27 दिन पहले ही हुई थी, जिससे परिवार में खुशी का माहौल था, लेकिन यह हादसा पूरे परिवार के लिए बड़ा सदमा बन गया है। परिजनों के अनुसार, घटना के समय जयराम घर पर अकेला था, जबकि परिवार के अन्य सदस्य एक छठी कार्यक्रम में ग्राम नवापारा गए हुए थे।

पिता ने बताया कि उन्हें यह जानकारी नहीं थी कि उनका बेटा बाइक लेकर कहां गया था। हादसे की सूचना मिलने पर जब वे जिला अस्पताल पहुंचे, तो वहां उन्हें बेटे की मौत की खबर मिली, जिससे परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने बताया कि हाईवा चालक की पहचान की जा रही है और उसके खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे का कारण माना जा रहा है। स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में भारी वाहनों की तेज रफ्तार पर नियंत्रण लगाने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।
Tags:    

Similar News