डीडी नगर पुलिस का एक्शन, अवैध शराब बेचते युवक गिरफ्तार 34 पाव शराब जब्त
छग
Raipur रायपुर। अवैध शराब की बिक्री और परिवहन पर रोक लगाने के लिए रायपुर पुलिस द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी अभियान के तहत थाना डीडी नगर पुलिस ने अवैध रूप से शराब बिक्री करते एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 34 पाव देशी मदिरा मसाला शराब बरामद की है। पुलिस उपायुक्त पश्चिम जोन रॉबिन्सन गुड़िया के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त पश्चिम जोन राहुल देव शर्मा के मार्गदर्शन में क्षेत्र में अवैध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है।
इसी क्रम में दिनांक 09 सितंबर 2026 को थाना डीडी नगर पुलिस टीम क्षेत्र में पेट्रोलिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि बटकेश्वरी मंदिर के सामने डगनिया क्षेत्र में एक व्यक्ति अवैध रूप से शराब रखकर बिक्री कर रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ा। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम लखन यादव पिता गोपाल यादव उम्र 22 वर्ष निवासी बटकेश्वरी मंदिर के सामने डगनिया थाना डीडी नगर रायपुर बताया।
पुलिस ने आरोपी के पास रखी बोरी की तलाशी ली, जिसमें 34 पाव देशी मदिरा मसाला शराब मिली। प्रत्येक पाव में 180 एमएल शराब थी। कुल 6.120 बल्क लीटर शराब बरामद की गई, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 3,400 रुपये बताई गई है। पुलिस ने शराब को विधिवत जब्त करते हुए आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 564/2026 धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अवैध शराब, मादक पदार्थों और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने और अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस द्वारा विशेष निगरानी रखी जा रही है।