Raipur रायपुर। साइबर अपराध और ऑनलाइन ठगी से आम नागरिकों को सुरक्षित रखने के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ पुलिस द्वारा चलाए जा रहे साइबर जागृति अभियान के तहत रायपुर कमिश्नरेट में लगातार जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में थाना उरला क्षेत्र के ग्राम गोमची और बेंदरी में महिलाओं एवं छात्राओं को साइबर सुरक्षा की जानकारी दी गई।
अभियान के चौथे सप्ताह 6 से 12 सितंबर 2026 के अंतर्गत प्रशिक्षु उप निरीक्षक सुनीता यादव और थाना स्टाफ ने दोनों गांवों में साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम में महिला समूहों, छात्राओं और स्थानीय महिला समुदाय सहित करीब 250 लोगों ने हिस्सा लिया।
पुलिस टीम ने महिलाओं और छात्राओं को व्यक्तिगत एवं गोपनीय जानकारी सुरक्षित रखने, ऑनलाइन उत्पीड़न से बचने और विभिन्न प्रकार की साइबर धोखाधड़ी से सतर्क रहने के उपाय बताए। इसके साथ ही सोशल मीडिया और अन्य डिजिटल प्लेटफॉर्म का सुरक्षित तरीके से उपयोग करने की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में बताया गया कि किसी भी प्रकार की साइबर ठगी होने पर समय बेहद महत्वपूर्ण होता है। पीड़ित को तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज करानी चाहिए। इसके अलावा साइबर अपराध की शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया के बारे में भी जानकारी दी गई।
पुलिस ने नागरिकों से अनजान लिंक पर क्लिक नहीं करने, संदिग्ध ऑनलाइन गतिविधियों से सतर्क रहने और अपनी निजी जानकारी किसी अनजान व्यक्ति के साथ साझा नहीं करने की अपील की। अभियान का संदेश रहा कि साइबर अपराध से बचाव के लिए जागरूकता ही सबसे बड़ा सुरक्षा कवच है।