Raipur रायपुर। उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन और विकास मंत्री अरुण साव ने प्रदेश के नगर निगमों और जिला मुख्यालय वाले नगर पालिकाओं के अधिकारियों को सुबह शहरों का भ्रमण कर जमीनी हकीकत देखने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि अधिकारी साफ-सफाई, निर्माण कार्य और नागरिक सुविधाओं का मौके पर निरीक्षण करें तथा समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करें।
नवा रायपुर स्थित विश्राम भवन में आयोजित समीक्षा बैठक में उप मुख्यमंत्री ने शहरों के विकास, स्वच्छता, राजस्व वसूली, निर्माण कार्यों और सरकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। बैठक में नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा और संचालक नीलेशकुमार क्षीरसागर भी मौजूद रहे। साव ने संपत्ति कर के भुगतान को आसान बनाने के लिए अधिक से अधिक नगरीय निकायों में ऑनलाइन भुगतान की व्यवस्था विकसित करने के निर्देश दिए। साथ ही संपत्तियों का सर्वे कर नई संपत्तियों की पहचान करते हुए निकायों की आय बढ़ाने को कहा।
उन्होंने अधिकारियों को अवैध कब्जे और अतिक्रमण की जानकारी मिलते ही कार्रवाई करने के निर्देश दिए। निर्माण कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने और योजनाओं की नियमित समीक्षा के लिए प्रभावी कार्यपद्धति विकसित करने पर भी जोर दिया। उप मुख्यमंत्री ने भविष्य में पानी की जरूरत को सबसे महत्वपूर्ण विषयों में शामिल करते हुए अगले 50 वर्षों की आवश्यकता को ध्यान में रखकर दीर्घकालिक योजना बनाने को कहा। इसके लिए जल संरक्षण, वर्षा जल संचयन और उपयोग किए गए पानी के पुनः उपयोग की व्यापक कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए गए।
प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा ने अधिकारियों से कहा कि योजनाओं और विकास कार्यों का असर केवल कागजों पर नहीं बल्कि धरातल पर दिखाई देना चाहिए। उन्होंने खाली स्थानों पर सघन वृक्षारोपण कर ‘अर्बन फॉरेस्ट’ विकसित करने, फुटपाथों को अतिक्रमण मुक्त रखने और निर्माणाधीन नालंदा परिसरों को जल्द शुरू करने की दिशा में काम तेज करने के निर्देश दिए। बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना, स्वच्छ भारत मिशन, अमृत मिशन, पीएम स्वनिधि, पीएम ई-बस, मुख्यमंत्री नगरोत्थान योजना, जल आवर्धन और रेन वाटर हार्वेस्टिंग सहित विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई।
Tags: