अवैध शराब पर कार्रवाई, 30 पौवा शराब और नकदी जब्त, दो आरोपी गिरफ्तार

छग

Update: 2026-04-11 15:36 GMT
Durg. दुर्ग। दुर्ग जिले के नंदिनी नगर थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध शराब बिक्री के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से देशी शराब के 30 पौवा और नगदी रकम जब्त की गई है। पुलिस ने मामले में आबकारी एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, नंदिनी नगर थाना में पदस्थ उपनिरीक्षक उग्रसेन जगत को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम गिरहोला स्थित आनंद ढाबा के पीछे नहर पार क्षेत्र में कुछ व्यक्ति अवैध रूप से शराब बेच रहे हैं। सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और रेड कार्रवाई की।

मौके से दो संदिग्ध व्यक्तियों को पकड़ा गया, जिनकी पहचान प्रेम कुमार टंडन (30 वर्ष) और समीर बंजारे (21 वर्ष), निवासी ग्राम गिरहोला के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान पुलिस ने उनके कब्जे से एक सफेद प्लास्टिक बोरी में रखे 30 पौवा देशी मसाला शराब बरामद किए। प्रत्येक पौवा 180 एमएल का था, जिसकी कुल मात्रा 5.400 बल्क लीटर पाई गई। जब्त शराब की अनुमानित कीमत लगभग 3000 रुपये बताई गई है। इसके अलावा शराब बिक्री से प्राप्त 1300 रुपये नकद भी आरोपियों के पास से बरामद किए गए हैं।

पुलिस ने दोनों आरोपियों से शराब रखने के संबंध में वैध दस्तावेज और लाइसेंस प्रस्तुत करने को कहा, लेकिन वे कोई भी दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। पूछताछ और मौके की जांच के बाद पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत अपराध दर्ज किया। मामले में मौके पर ही देहाती नालसी तैयार कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की गई। पुलिस ने बताया कि क्षेत्र में अवैध शराब बिक्री और वितरण पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जा रही है ताकि अवैध कारोबार पर रोक लगाई जा सके। अधिकारियों ने यह भी स्पष्ट किया कि इस तरह की गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए मुखबिर तंत्र को और मजबूत किया जा रहा है तथा नियमित रूप से अभियान चलाया जा रहा है।
Tags:    

Similar News