अभनपुर। रायपुर जिले के गोबरा नवापारा में आयुष्मान अस्पताल के पास नाली में नवजात शिशु का शव मिलने के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। मामले में अस्पताल से जुड़े लोगों सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस जांच में नाबालिग के साथ कथित दुष्कर्म और अस्पताल में नवजात के जन्म की जानकारी सामने आई है।
घटना 31 अक्टूबर की सुबह करीब सात बजे सामने आई थी। आयुष्मान अस्पताल के पास नाली में नवजात का शव मिलने की सूचना पर गोबरा नवापारा पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की थी। पुलिस ने शव का पंचनामा और पोस्टमार्टम कराने के साथ आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली।
पुलिस के अनुसार, 30 और 31 अक्टूबर की दरम्यानी रात एक नाबालिग बालिका ने आयुष्मान अस्पताल में नवजात को जन्म दिया था। जांच में बालिका के साथ कथित शारीरिक शोषण की बात भी सामने आई। पुलिस ने नवजात का शव नाली में मिलने के संबंध में विस्तृत विवेचना की।
मामले में अस्पताल के चिकित्सक और कर्मचारियों की भूमिका की भी जांच की गई। पुलिस के मुताबिक, नाबालिग के उपचार के दौरान पॉक्सो एक्ट के तहत पुलिस को आवश्यक सूचना देने के दायित्व का पालन नहीं किया गया। इसके आधार पर संबंधित आरोपियों के विरुद्ध भी कार्रवाई की गई है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दौलत चक्रधारी (20), चुम्मन साहू (23), बुधपाल सिंह (38) और प्रदीप यादव (31) के रूप में हुई है। पुलिस ने अपराध क्रमांक 327/2026 के तहत बीएनएस की धारा 64(2)(एम), 91, 238 तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 6 और 21 के अंतर्गत मामला दर्ज किया है। चारों आरोपियों को 19 नवंबर को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। फिलहाल गोबरा नवापारा पुलिस मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।