Korba. कोरबा। जिले में उस समय अफरातफरी का माहौल बन गया जब एक राशन दुकान की प्लास्टिक बास्केट में अचानक पांच फीट लंबा जहरीला कोबरा सांप फंसा हुआ मिला। सांप फन फैलाकर जोर-जोर से फुंकार मार रहा था, जिसे देखकर दुकानदार और वहां मौजूद लोग घबरा गए और भाग खड़े हुए। जानकारी के अनुसार, घटना शनिवार को कोरबा के एक राशन दुकान की है। जब ग्राहक सामान लेने पहुंचे तो दुकान संचालक नीतीश साहू सामान निकालने अंदर गए। इस दौरान उन्होंने प्लास्टिक की टोकरी में कोबरा सांप को फंसा देखा। अचानक निकली फुंकार और फन फैलाए कोबरा को देख उनकी हालत खराब हो गई और वे तुरंत बाहर भाग गए।
स्नेक कैचर टीम को दी सूचना
दुकानदार ने तुरंत स्नेक रेस्क्यू से जुड़ी संस्था नोवा नेचर के सदस्य जितेंद्र सारथी को फोन पर सूचना दी। थोड़ी देर बाद संस्था के सचिव मोइज अहमद और बबलू मारवा मौके पर पहुंचे। उन्होंने देखा कि सांप प्लास्टिक की टोकरी में बुरी तरह से फंसा हुआ है और खुद से बाहर नहीं निकल पा रहा है। रेस्क्यू टीम ने काफी सावधानी बरतते हुए बास्केट को धारदार हथियार से काटा। करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद कोबरा को सुरक्षित बाहर निकाला गया। रेस्क्यू पूरा होते ही वहां मौजूद लोगों ने राहत की सांस ली। बाद में टीम ने सांप को उसके प्राकृतिक आवास जंगल में सुरक्षित छोड़ दिया।
रोजाना आते हैं 30 कॉल
नोवा नेचर संस्था के जितेंद्र सारथी ने बताया कि उन्हें जिले भर से रोजाना करीब 30 कॉल्स जहरीले सांपों के रेस्क्यू के लिए आते हैं। इसमें कोबरा, करैत, अजगर, अहिराज, धमना, बेलिया करैत और दंड करैत जैसे खतरनाक सांप शामिल होते हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि सांप मिलने पर घबराएं नहीं, दूरी बनाकर रखें और तुरंत रेस्क्यू टीम को सूचना दें। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई थी। आसपास के दुकानदारों ने बताया कि अचानक दुकान में कोबरा का दिखना बेहद खतरनाक हो सकता था। गनीमत रही कि सांप बास्केट में फंसा हुआ था और किसी को नुकसान नहीं पहुंचा सका। वहीं, दुकानदार ने कहा कि सांप को सुरक्षित निकाल लिए जाने के बाद अब वह राहत महसूस कर रहे हैं।