Mumbai/Bhilai. मुंबई/भिलाई। छत्तीसगढ़ के भिलाई से निकलकर साहित्य, सिनेमा और कला के क्षेत्र में राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना रहीं अभिनेत्री, लेखिका और कम्युनिकेशन विशेषज्ञ श्वेता पड्डा के लिए एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि जुड़ गई है। उनके दूसरे पुस्तक-कार्य, हिंदी फिक्शन उपन्यास ‘थोड़ी सी मैं’ का लोकार्पण महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस द्वारा मुंबई में आयोजित प्रतिष्ठित मुंबई बुक फेस्टिवल में किया गया। नेशनल बुक ट्रस्ट (NBT), भारत सरकार द्वारा आयोजित यह साहित्यिक आयोजन मुंबई विश्वविद्यालय के कलीना परिसर में संपन्न हुआ। यह अवसर श्वेता के साहित्यिक सफर के साथ-साथ छत्तीसगढ़ और विशेषकर भिलाई के लिए भी गर्व का विषय बना। प्रभात प्रकाशन द्वारा प्रकाशित ‘थोड़ी सी मैं’ श्वेता पड्डा का दूसरी
प्रकाशित पुस्तक
है। उनका पहला पुस्तक-कार्य ‘Storm to Stillness: The Calm That We Carry’ अंग्रेजी में प्रकाशित एक नॉन-फिक्शन पुस्तक है, जिसे पाठकों का अच्छा प्रतिसाद मिला है और जिसने Amazon पर टॉप सेलर के रूप में अपनी पहचान बनाई है। पहली पुस्तक से मिली सफलता के बाद अब उनका दूसरा उपन्यास भी राष्ट्रीय स्तर के प्रतिष्ठित साहित्यिक मंच पर चर्चा में है। थोड़ी सी मैं रिश्तों, प्रेम, भावनाओं, जीवन के अनुभवों और एक स्त्री के अपने आप से जुड़ने की यात्रा को केंद्र में रखता है। यह उन अनकहे पहलुओं को छूने का प्रयास है, जो अक्सर रिश्तों और सामाजिक भूमिकाओं के बीच कहीं पीछे छूट जाते हैं। श्वेता की लेखन शैली में संवेदनशीलता के साथ जीवन की व्यावहारिक समझ भी दिखाई देती है।

साहित्य और सिनेमा की प्रतिष्ठित हस्तियों के साथ संवाद का अवसर
इस आयोजन में श्वेता पड्डा की भूमिका केवल एक लेखिका के रूप में ही सीमित नहीं है। उन्हें देश के कई प्रतिष्ठित लेखकों, कलाकारों और जानी-मानी हस्तियों के सत्रों के संचालन एवं मॉडरेशन की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी भी सौंपी गई है। इनमें चर्चित लेखक अश्विन सांघी, आनंद नीलकंठन, अक्षत गुप्ता, अभिनेत्री मलाइका अरोड़ा, उद्योगपति गौतम अडानी और अभिनेत्री शेफाली शाह जैसी हस्तियां शामिल हैं। इन प्रतिष्ठित व्यक्तित्वों के सत्रों का संचालन करने का अवसर श्वेता के लिए साहित्य, सिनेमा, कला और संवाद के क्षेत्र में उनके अनुभव तथा कम्युनिकेशन कौशल की एक महत्वपूर्ण पहचान है। इस अवसर को संभव बनाने में नेशनल बुक ट्रस्ट के निदेशक कर्नल युवराज मलिक की विशेष भूमिका रही। उनके मार्गदर्शन और प्रोत्साहन से श्वेता को इस प्रतिष्ठित मंच पर अपनी साहित्यिक उपस्थिति दर्ज कराने के साथ-साथ देश की जानी-मानी हस्तियों के साथ संवाद स्थापित करने का अवसर प्राप्त हुआ।

बनारस से मुंबई तक साहित्यिक मंचों पर सक्रिय उपस्थिति
उल्लेखनीय है कि श्वेता पड्डा हाल ही में बनारस लिटरेचर फेस्टिवल में अतिथि वक्ता के रूप में शामिल हुई थीं, जहां उन्होंने साहित्य और सिनेमा से जुड़े विषयों पर अपने विचार रखे और विभिन्न सत्रों का संचालन भी किया। इसके अतिरिक्त मुंबई के वातायन साहित्यिक आयोजन में भी उन्होंने अपनी सक्रिय सहभागिता दर्ज कराई। इन साहित्यिक आयोजनों में उनकी उपस्थिति के तुरंत बाद नेशनल बुक ट्रस्ट की ओर से मुंबई बुक फेस्टिवल के लिए आमंत्रित किया जाना उनके बढ़ते साहित्यिक और संवादात्मक योगदान को दर्शाता है।

अभिनय के क्षेत्र में भी महत्वपूर्ण पड़ाव
साहित्य के साथ-साथ श्वेता पड्डा अभिनय के क्षेत्र में भी लगातार सक्रिय हैं। उनकी आगामी फिल्म ‘श्री राम भूमि’ में वे दिग्गज अभिनेता अनुपम खेर के साथ एक महत्वपूर्ण और प्रभावशाली किरदार निभाती नजर आएंगी। फिल्म जनवरी में रिलीज होने वाली है। इस फिल्म में निभाया गया उनका किरदार उनके अभिनय सफर का एक महत्वपूर्ण पड़ाव माना जा रहा है।

नारी शक्ति सम्मान से भी हुईं सम्मानित
हाल ही में श्वेता पड्डा को छत्तीसगढ़ में आयोजित नारी शक्ति सम्मान समारोह 2026 में सम्मानित किया गया। यह सम्मान छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय द्वारा प्रदान किया गया। छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. ममता साहू की उपस्थिति और पहल से आयोजित इस सम्मान समारोह में कला, साहित्य, समाज और विभिन्न क्षेत्रों में महिलाओं के योगदान को सम्मानित किया गया। श्वेता के लिए अपने गृहप्रदेश में मिला यह सम्मान विशेष महत्व रखता है। श्वेता अभिनय के अलावा लेखन, शिक्षण, एंकरिंग, वॉइस ओवर और कम्युनिकेशन के क्षेत्र में भी सक्रिय रही हैं। वे ‘कम्युनिकेशन एंड आर्ट ऑफ कन्वर्सेशन’ की प्रोफेसर और ‘बज़्म-ए-दास्तान’ की संस्थापक हैं। बज़्म-ए-दास्तान के माध्यम से वे साहित्य, कहानी, कविता, संगीत और भारतीय तहज़ीब को एक साझा मंच प्रदान कर रही हैं।

राष्ट्रीय पहचान के साथ अपने प्रदेश के लिए कुछ करने की इच्छा
श्वेता पड्डा कहती हैं कि पिछले लगभग दो दशकों से वे अपने काम, अपनी कला और अपनी उपलब्धियों के माध्यम से लगातार छत्तीसगढ़ का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन करने का प्रयास कर रही हैं। वे कहती हैं, “भिलाई और छत्तीसगढ़ से मेरा जुड़ाव केवल मेरी जन्मभूमि तक सीमित नहीं है, बल्कि यह मेरी पहचान और मेरी जड़ों का हिस्सा है। मुझे खुशी है कि मैं अपने प्रदेश का नाम देश के अलग-अलग मंचों तक पहुंचा पा रही हूं। लेकिन मेरी एक इच्छा और भी है कि जिस प्रदेश ने मुझे मेरी पहचान दी, वहां भी मेरी प्रतिभा, अनुभव और कौशल का उपयोग हो सके। अपने ही राज्य में काम करने और अपनी विशेषज्ञता को यहां के युवाओं एवं महिलाओं तक पहुंचाने के लिए जिस तरह के अवसर और प्रोत्साहन की अपेक्षा रहती है, वह अभी और विकसित हो सकता है।”

श्वेता का मानना है कि किसी भी प्रदेश की वास्तविक सांस्कृतिक और रचनात्मक प्रगति तभी संभव है, जब वहां की प्रतिभाओं को अपने ही प्रदेश में अवसर, मंच और उचित प्रोत्साहन मिले। वे चाहती हैं कि अभिनय, फिल्म निर्माण, साहित्य और कम्युनिकेशन के क्षेत्र में अपने लगभग दो दशकों के अनुभव का उपयोग छत्तीसगढ़ के युवाओं और महिलाओं के कौशल विकास के लिए करें। इसी दिशा में वे समय-समय पर अभिनय, फिल्म मेकिंग और कम्युनिकेशन से संबंधित वर्कशॉप आयोजित करती रही हैं। कम्युनिकेशन एवं ‘आर्ट ऑफ कन्वर्सेशन’ की प्रोफेसर के रूप में उनका अकादमिक अनुभव भी इस प्रयास का महत्वपूर्ण हिस्सा है। इसके अतिरिक्त, वे ‘बज़्म-ए-दास्तान’ के माध्यम से साहित्य और सांस्कृतिक गतिविधियों को भी प्रोत्साहित कर रही हैं। उनका उद्देश्य केवल व्यक्तिगत उपलब्धियां हासिल करना नहीं, बल्कि अपने अनुभवों से प्रदेश की अगली पीढ़ी के लिए संभावनाओं के नए रास्ते तैयार करना भी है। वे चाहती हैं कि छत्तीसगढ़ के युवाओं को अभिनय, फिल्म निर्माण, संवाद-कला और रचनात्मक अभिव्यक्ति के लिए बड़े शहरों की ओर देखने की मजबूरी न हो, बल्कि उन्हें अपने प्रदेश में भी गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण और अवसर मिल सकें।

श्वेता कहती हैं, “मैं चाहती हूं कि जिस तरह मैं पिछले दो दशकों से बाहर जाकर छत्तीसगढ़ का नाम रोशन करने की कोशिश कर रही हूं, अब मुझे अपने प्रदेश में भी काम करने और यहां की प्रतिभाओं के लिए कुछ सार्थक करने का अवसर मिले। अपनी मिट्टी के लिए काम करना मेरे लिए किसी भी व्यक्तिगत उपलब्धि से कम नहीं होगा।” भिलाई से शुरू हुआ श्वेता पड्डा का सफर आज मुंबई के प्रतिष्ठित साहित्यिक मंचों और राष्ट्रीय सिनेमा तक पहुंच चुका है। एक अभिनेत्री, लेखिका, शिक्षाविद्, कम्युनिकेशन विशेषज्ञ और कहानीकार के रूप में उनकी यह बहुआयामी यात्रा इस बात का उदाहरण है कि अपनी जड़ों से जुड़े रहकर भी राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा और मेहनत के दम पर पहचान बनाई जा सकती है। भिलाई की बेटी का मुंबई के इतने प्रतिष्ठित साहित्यिक मंच पर अपनी पुस्तक के साथ उपस्थित होना और देश की नामचीन हस्तियों के सत्रों का संचालन करना निश्चित ही छत्तीसगढ़ के लिए गौरव की बात है। उनकी यह उपलब्धि केवल एक पुस्तक के लोकार्पण तक सीमित नहीं, बल्कि साहित्य, सिनेमा और कला के क्षेत्र में छत्तीसगढ़ की प्रतिभा की राष्ट्रीय स्तर पर बढ़ती उपस्थिति का भी परिचायक है।
Tags: