मांग के अनुसार अतिरिक्त कोच: दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने ने दो वर्षों में जोड़े 858 कोच
छग
Raipur. रायपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे यात्रियों की बढ़ती संख्या और बदलती माँग को ध्यान में रखते हुए अपनी गाड़ियों में निरंतर अतिरिक्त कोच जोड़ रही है। कोच संवर्धन, अर्थात किसी चल रही गाड़ी में अतिरिक्त कोच जोड़ना, एक ऐसा उपाय है जिससे नई गाड़ी चलाए बिना ही उसी गाड़ी में अधिक यात्रियों को सीट और बर्थ उपलब्ध कराई जा सकती है। पिछले दो वर्षों में दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने अपनी गाड़ियों में कुल 858 अतिरिक्त कोच जोड़े हैं, जिनमें 61 कोच स्थायी रूप से और 797 कोच अस्थायी रूप से जोड़े गए हैं। उदाहरण के लिए, 22 कोच वाली किसी मेल/एक्सप्रेस गाड़ी में लगभग 12 गैर-वातानुकूलित कोच, अर्थात सामान्य (जनरल) एवं शयनयान (स्लीपर) श्रेणी के कोच, तथा लगभग 8 वातानुकूलित कोच हो सकते हैं, और शेष कोच लगेज, गार्ड एवं पावर कार के रूप में होते हैं। प्रत्येक गाड़ी की संरचना (कंपोज़िशन) उस मार्ग पर यात्रियों की माँग, परिचालनिक व्यवहार्यता और यातायात की आवश्यकता के अनुसार अलग-अलग तय की जाती है और समय-समय पर इसकी समीक्षा भी की जाती है। मेमू और डेमू जैसी लोकल गाड़ियाँ निर्धारित कोचों की इकाइयों के रूप में चलती हैं, जिनमें मांग बढ़ने पर अतिरिक्त कोच जोड़कर क्षमता बढ़ाई जाती है।
माँग के अनुसार कोच कैसे जोड़े जाते हैं?
रेलवे प्रत्येक गाड़ी की प्रतीक्षा सूची, श्रेणीवार आरक्षण की स्थिति और यात्रियों की संख्या का निरंतर विश्लेषण करती रहती है। जब किसी गाड़ी में किसी विशेष श्रेणी में लगातार प्रतीक्षा सूची बनी रहती है, तो उसी श्रेणी के कोच जोड़कर क्षमता बढ़ाई जाती है। कोच संवर्धन दो प्रकार से किया जाता है। अस्थायी संवर्धन में त्योहारों, छुट्टियों, परीक्षाओं या व्यस्त मौसम के दौरान किसी गाड़ी की चुनिंदा तिथियों पर, जहाँ प्रतीक्षा सूची अधिक होती है, उन्हीं तिथियों के लिए अतिरिक्त कोच लगाए जाते हैं और माँग सामान्य होने पर गाड़ी अपनी नियमित संरचना में लौट आती है। स्थायी संवर्धन में, जब किसी गाड़ी में लंबे समय तक लगातार अधिक माँग बनी रहती है, तो उसकी संरचना में स्थायी रूप से कोच जोड़ दिए जाते हैं। इस प्रकार अस्थायी संवर्धन से अचानक बढ़ी भीड़ को संभाला जाता है, जबकि स्थायी संवर्धन से लगातार बनी रहने वाली माँग को पूरा किया जाता है।
स्वीकृत संरचना की सीमा
प्रत्येक गाड़ी की एक स्वीकृत अधिकतम संरचना होती है, जो उस मार्ग के स्टेशनों पर प्लेटफॉर्म की लंबाई, इंजन की क्षमता, पिट लाइन की लंबाई तथा अन्य परिचालनिक पहलुओं पर निर्भर करती है। किसी भी गाड़ी में इस स्वीकृत संरचना से अधिक कोच नहीं जोड़े जा सकते। अतः जिन गाड़ियों में पहले से ही स्वीकृत संरचना के अनुसार पूरे कोच लगे हैं, उनमें माँग अधिक होने पर अतिरिक्त कोच के स्थान पर अन्य विकल्पों, जैसे माँग आधारित विशेष गाड़ियों, पर विचार किया जाता है।
दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे में कोच संवर्धन
दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने पिछले दो वर्षों में यात्रियों की मांग के अनुसार अपनी गाड़ियों में बड़ी संख्या में कोच जोड़े हैं। वर्ष 2025-26 में 26 कोच स्थायी रूप से तथा 491 कोच अस्थायी रूप से जोड़े गए। वर्तमान वित्तीय वर्ष में 1 अप्रैल से 15 नवंबर 2026 तक 35 कोच स्थायी रूप से जोड़े गए हैं, जिनमें 28 डेमू कोच, 4 मेमू कोच और मेल/एक्सप्रेस गाड़ियों में 3 कोच शामिल हैं, तथा इसी अवधि में 306 कोच अस्थायी रूप से लगाए गए। इस प्रकार दो वर्षों में कुल 61 कोच स्थायी रूप से और 797 कोच अस्थायी रूप से, अर्थात कुल 858 अतिरिक्त कोच जोड़े गए हैं। डेमू और मेमू गाड़ियों में जोड़े गए स्थायी कोचों से बिलासपुर, रायपुर और नागपुर मंडलों के दैनिक यात्रियों, विद्यार्थियों, कामगारों और छोटे व्यापारियों को प्रतिदिन अधिक सुविधाजनक यात्रा मिल रही है। वहीं त्योहारों, छुट्टियों और व्यस्त मौसम में अस्थायी रूप से लगाए गए कोचों से प्रतीक्षा सूची के हज़ारों यात्रियों को कन्फ़र्म बर्थ मिली और वे समय पर अपने गंतव्य तक पहुँच सके।
कोच संवर्धन के लाभ
• अधिक कन्फ़र्म बर्थ : अतिरिक्त कोचों से प्रतीक्षा सूची के अधिक यात्रियों को कन्फ़र्म सीट और बर्थ मिलती है।
• उसी गाड़ी में अधिक क्षमता : नई गाड़ी चलाए बिना ही मौजूदा गाड़ी में अधिक यात्रियों को यात्रा की सुविधा मिलती है।
• आरामदायक यात्रा : कोचों में भीड़ कम होने से यात्रा अधिक सुगम और सुविधाजनक होती है।
• त्योहारों में राहत : व्यस्त मौसम में अस्थायी कोचों से यात्रियों का घर तक पहुँचना आसान होता है।
• दैनिक यात्रियों को सुविधा : मेमू और डेमू गाड़ियों में अतिरिक्त कोचों से विद्यार्थियों और कामगारों को प्रतिदिन लाभ मिलता है।
• संसाधनों का सही उपयोग : मौजूदा गाड़ी, इंजन और पाथ का उपयोग करके ही अधिक यात्रियों तक सेवा पहुँचती है।
दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे यात्रियों की माँग पर निरंतर नज़र रखते हुए उन्हें अधिक क्षमता, बेहतर सुविधा और आरामदायक यात्रा उपलब्ध कराने के लिए प्रयासरत है। यात्रियों से अनुरोध है कि गाड़ियों की संरचना एवं आरक्षण की जानकारी के लिए एनटीईएस या 139 का उपयोग करें तथा टिकट केवल अधिकृत माध्यमों, जैसे आईआरसीटीसी वेबसाइट व ऐप और रेलवे आरक्षण काउंटर से ही बुक करें।