छत्तीसगढ़ BJP ने फिर की कार्रवाई, पार्टी विरोधी गतिविधियों के कारण विधायक प्रतिनिधि पर गिरी गाज
छत्तीसगढ़.
मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर: छत्तीसगढ़ में हाल ही में फर्जी ट्रांसफर मामले में बीजेपी ने बलौदाबाजार जिले के दो नेताओं को पार्टी से निष्काषित कर दिया था। वहीं एक बार फिर पार्टी ने बड़ा एक्शन लेते हुए मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले के भाजपा नेता दुर्गाशंकर मिश्रा पार्टी से निष्कासित कर दिया है। जिसका आदेश भाजपा प्रदेश महामंत्री नवीन मार्कण्डेय ने जारी किया है।
आदेश के मुताबिक भरतपुर ब्लाक के विधायक प्रतिनिधि दुर्गाशंकर मिश्रा को 6 साल के लिए पार्टी की सदस्यता से निष्कासित किया गया है। बताया जा रहा है कि ये कार्रवाई पार्टी विरोधी गतिविधियों में संलग्न रहने के कारण हुई है।
बलौदाबाजार में फर्जी ट्रांसफर मामले के सामने आने के बाद पुलिस ने दो भाजपा नेताओ को अरेस्ट किया। पूर्व में उन्हें पार्टी ने पद से हटाने के बाद अब उन नेताओं को निष्कासित भी कर दिया गया है। इनमें जिला महामंत्री कृष्णा अवस्थी और जिला उपाध्यक्ष पुनीराम पटेल का नाम शामिल है। फिलहाल दोनों नेता अगले छग साल तक पार्टी की किसी भी गतिविधि में हिस्सा नहीं ले सकेंगे।
दरअसल बलौदाबाजार CMHO के फर्जी हस्ताक्षर से ट्रांसफर ऑर्डर बनाने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पलारी थाना पुलिस ने भाजपा जिला महामंत्री कृष्णा अवस्थी, ग्रामीण चिकित्सा सहायक करण कुमार देवांगन समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामला रोहांशी PHC से मोपर PHC में ट्रांसफर के कथित फर्जी आदेश से जुड़ा है। आरोप है कि फर्जी आदेश में CMHO डॉ. राजेश अवस्थी के हस्ताक्षर का इस्तेमाल किया गया। खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. पंकज वर्मा की शिकायत पर पलारी पुलिस ने BNS की धारा 318(4), 336(3), 337, 338, 340(2) और 3(5) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।