CG BREAKING: गुंडा बदमाश लेखराम कोठारी की पीट-पीटकर हत्या, फैली सनसनी
छग
Durg. दुर्ग। पद्मनाभपुर थाना क्षेत्र के कुंदरापारा इलाके में रविवार देर रात एक सनसनीखेज हत्या की वारदात सामने आई है। यहां थाने के गुंडा बदमाश बताए जा रहे लेखराम कोठारी की अज्ञात लोगों ने घेरकर जमकर पिटाई कर दी, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, कुंदरापारा क्षेत्र में कुछ लोगों ने लेखराम कोठारी पर हमला किया। हमलावरों ने उसे लाठी-डंडों और अन्य हथियारों से इतना पीटा कि वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायल को अस्पताल ले जाने की कोशिश की गई, लेकिन उसकी मौत हो गई।
घटना के बाद पद्मनाभपुर थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस अधिकारियों ने आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है। साथ ही वारदात में शामिल आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए टीम गठित कर तलाश शुरू कर दी गई है। बताया जा रहा है कि मृतक लेखराम कोठारी का नाम पुलिस रिकॉर्ड में दर्ज था और वह थाने का गुंडा बदमाश था। अपुष्ट जानकारी के अनुसार, कुछ समय पहले वह धारा 151 के तहत कार्रवाई में जेल गया था और हाल ही में बाहर आया था। इसके बाद रविवार रात कुंदरापारा क्षेत्र में उस पर हमला किया गया।
फिलहाल हत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस पुरानी रंजिश, आपसी विवाद और अन्य संभावित कारणों को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद ही हत्या के वास्तविक कारणों और आरोपियों के संबंध में जानकारी सामने आ सकेगी। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के लिए जांच प्रक्रिया शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि हमलावरों तक पहुंचा जा सके। क्षेत्र में हुई इस हत्या के बाद लोगों में दहशत का माहौल है। पुलिस ने जल्द ही आरोपियों को पकड़ने का दावा किया है। मामले की जांच जारी है।