रायपुर: महादेव ऐप केस के मुख्य आरोपी सौरभ चंद्राकर को PMLA स्पेशल कोर्ट ने ED की रिमांड पर सौंप दिया है। 19 नवंबर तक प्रवर्तन निदेशालय के अधिकारी उससे पूछताछ करेंगे। बता दें कि शुक्रवार सुबह सौरभ चंद्राकर को पुलिस हथकड़ी लगाकर रायपुर जेल से कोर्ट लेकर पहुंची। इस दौरान कोर्ट परिसर में भारी पुलिस बल तैनात किया गया था।
कोर्ट में पेश होने के बाद सौरभ को ED ने गिरफ्तार किया था। नॉन-बेलेबल वारंट को लेकर कोर्ट में दोनों पक्षों के बीच लंबी बहस हुई। दोनों पक्षों का तर्क सुनने के बाद कोर्ट ने ED की रिमांड अर्जी स्वीकार कर ली।
CBI ने न्यायिक रिमांड पर भेजने की मांग की
बता दें कि 8 दिन की कस्टोडियल रिमांड खत्म होने के बाद गुरुवार को सौरभ को रायपुर की स्पेशल कोर्ट में पेश किया गया था। CBI ने दोबारा कस्टडी नहीं मांगी और उसे न्यायिक रिमांड पर भेजने की मांग की। कोर्ट ने सौरभ को 19 नवंबर तक न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया था।
गुरुवार को CBI अधिकारियों और पुलिस की टीम हाई सिक्योरिटी के बीच उसे कोर्ट लेकर पहुंची थी। कोर्ट से आदेश मिलने के बाद सौरभ को जेल भेज दिया गया। इस दौरान वह झोला उठाकर जेल के अंदर जाता दिखाई दिया।
8 दिन की पूछताछ में इन पहलुओं पर जांच
इससे पहले CBI ने सौरभ से महादेव ऐप के नेटवर्क, पैनल ऑपरेटरों, हवाला के जरिए हुए लेनदेन और कथित प्रोटेक्शन मनी को लेकर पूछताछ की।
जांच एजेंसी को यह पता लगाना है कि सट्टे से जुटाई गई रकम किन लोगों तक पहुंची और इस पूरे नेटवर्क में किन अधिकारियों और अन्य लोगों की भूमिका थी। CBI ने कोर्ट में रिमांड के दौरान इन पहलुओं पर पूछताछ की जरूरत बताई थी।
Tags: