CG: अवैध रेत खनन पर कार्रवाई, 11 हाईवा और जेसीबी जब्त
कलेक्टर के निर्देश पर छापा
Sakti. सक्ती। जिले में रेत के अवैध खनन और परिवहन पर प्रशासन ने सख्त कार्रवाई करते हुए बड़ी कार्रवाई की है। ग्रामीणों की शिकायत के बाद जिला प्रशासन की टीम ने पुलिस के साथ संयुक्त रूप से छापा मारकर 11 हाईवा वाहनों और एक जेसीबी मशीन को जब्त किया है। यह कार्रवाई मालखरौदा तहसील के ग्राम मरघट्टी में की गई। जानकारी के अनुसार, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के निर्देश के बावजूद जिले में अवैध रेत खनन और परिवहन का सिलसिला जारी था। बड़े वाहनों के जरिए खुलेआम रेत की ढुलाई की जा रही थी, जिससे ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ रही थी। इस संबंध में ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से शिकायत की, जिसके बाद प्रशासन सक्रिय हुआ।
कलेक्टर अमृत विकास तोपनो ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। उनके निर्देश पर खनिज अधिकारी के. के. बंजारे, अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) मालखरौदा रूपेन्द्र पटेल, राजस्व विभाग, खनिज विभाग की उड़नदस्ता टीम और पुलिस बल ने संयुक्त रूप से ग्राम मरघट्टी में छापेमारी की। जांच के दौरान पाया गया कि ग्राम पंचायत मरघट्टी में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क के रास्ते भारी वाहनों के जरिए रेत का अवैध परिवहन किया जा रहा था। इसके अलावा स्वीकृत रेत घाट के पास भी बड़े वाहनों, जैसे हाईवा और चेनमाउंटेन मशीनों के माध्यम से अवैध उत्खनन किया जा रहा था।
छापे के दौरान प्रशासन ने कुल 11 हाईवा वाहनों को जब्त किया, जिनसे रेत का अवैध परिवहन किया जा रहा था। जब्त किए गए वाहनों में क्रमांक सीजी 11 बीएच 7963, सीजी 11 बीएच 1621, सीजी 28 क्यू 9988, सीजी 04 क्यूजे 9758, सीजी 11 बीयू 0722, सीजी 11 बीएल 3309, सीजी 11 बीबी 9995, सीजी 12 बीजी 1560, सीजी 11 बीएफ 6516, सीजी 04 पीक्यू 2252 और सीजी 04 पीक्यू 7299 शामिल हैं। इसके अलावा मौके पर अवैध उत्खनन में लगी एक चेनमाउंटेन जेसीबी 205 एक्सीवेटर मशीन को भी जब्त किया गया। सभी जब्त वाहनों और मशीन को थाना हसौद में सुरक्षित रखा गया है। खनिज विभाग के अधिकारियों ने बताया कि जब्त वाहनों और मशीनों के खिलाफ छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियम 2015 और खान एवं खनिज (विकास और विनियमन) अधिनियम 1957 के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
कलेक्टर अमृत विकास तोपनो ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि जिले में खनिजों के अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सतत निगरानी रखने और ऐसी गतिविधियों पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने यह भी कहा कि प्रशासन द्वारा लगातार कार्रवाई की जाएगी और अवैध खनन में शामिल लोगों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। इस तरह की कार्रवाई से जिले में अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने में मदद मिलेगी। इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में अवैध खनन में संलिप्त लोगों में हड़कंप मच गया है। वहीं ग्रामीणों ने प्रशासन की इस कार्रवाई का स्वागत किया है और उम्मीद जताई है कि भविष्य में भी इसी तरह सख्त कदम उठाए जाएंगे।