Raigarh. रायगढ़। किरोड़ीमलनगर वार्ड क्रमांक 09 में हुई मारपीट और शांति भंग की गंभीर घटना को लेकर कोतरारोड़ पुलिस ने कड़ी कार्रवाई करते हुए 24 अनावेदकों को भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 170 के तहत गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। यह मामला 4 जनवरी 2026 को दर्ज हुई मारपीट की शिकायत से जुड़ा है, जिसमें स्थानीय निवासी और बाहरी मजदूरों के बीच विवाद ने उग्र रूप ले लिया था। प्राप्त जानकारी के अनुसार, वार्ड क्रमांक 09 किरोड़ीमलनगर निवासी गोविंद राम नेताम (45 वर्ष) ने 4 जनवरी 2026 को थाना कोतरारोड़ में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। प्रार्थी ने बताया कि उसके मोहल्ले के पीछे वरुण सिंह द्वारा गैलवे कंपनी के लिए दूसरे प्रांत से लाए गए मजदूर निवास कर रहे हैं। इसी दिन दोपहर के समय गैलवे कंपनी से जुड़े कुछ युवकों ने उसके पुत्र छवि नेताम पर जबरन साथ में काम करने का दबाव बनाया।
रिपोर्ट में बताया गया कि जब छवि नेताम ने उनके साथ काम करने से इनकार किया तो आरोपियों ने गाली-गलौच करते हुए उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। इस घटना में बुधमन उरांव, मंगलदीप उरांव, मनोज उरांव, प्रकाश गोप, अरुण करमाली, दीपक उरांव, कार्तिक उरांव और अशोक उरांव के नाम सामने आए। मारपीट की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने थाना कोतरारोड़ में अपराध क्रमांक 05/2026 के तहत धारा 109(1) एवं 3(5) भारतीय न्याय संहिता के अंतर्गत प्रकरण दर्ज किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए 5 जनवरी 2026 को थाना प्रभारी कोतरारोड़ निरीक्षक मोहन भारद्वाज के नेतृत्व में पुलिस टीम ने वार्ड क्रमांक 09 किरोड़ीमलनगर में आरोपियों की धरपकड़ के लिए दबिश दी। दबिश के दौरान वहां मौजूद अन्य काम करने वाले युवकों ने पुलिस कार्रवाई का विरोध करते हुए गोविंद राम नेताम और उनके पुत्रों के साथ गाली-गलौच शुरू कर दी। पुलिस द्वारा समझाइश दिए जाने के बावजूद स्थिति शांत नहीं हुई और आरोपी मारपीट पर उतारू हो गए।
हालात बिगड़ते देख पुलिस ने मौके पर कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए त्वरित कार्रवाई करते हुए 8 मुख्य आरोपियों के अलावा 24 अन्य अनावेदकों को भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 170 के तहत गिरफ्तार कर लिया। इसके साथ ही सभी आरोपियों के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक धाराएं 126 एवं 135(3) BNSS के अंतर्गत भी कार्रवाई की गई। गिरफ्तार किए गए 24 अनावेदकों को एसडीएम न्यायालय में पेश किया गया, जहां से जेल वारंट जारी होने के बाद सभी को जेल दाखिल कर दिया गया। पुलिस ने बताया कि हत्या के प्रयास और गंभीर मारपीट के आरोप में नामजद 8 आरोपियों को भी एक दिन पूर्व ही न्यायिक हिरासत में जेल भेजा जा चुका है। इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक मोहन भारद्वाज, प्रधान आरक्षक बाबूलाल पटेल, करुणेश राय, राजकुमार पैंकरा, शंभू खैरवार सहित अन्य पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कदम उठाए जाएंगे।कोतरारोड़ पुलिस ने क्षेत्र में अतिरिक्त निगरानी बढ़ा दी है और स्थानीय लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है। पुलिस का कहना है कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और ऐसी घटनाओं पर तत्काल और कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।