Raipur रायपुर। वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए रायपुर पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में थाना डीडी नगर पुलिस और एसीसीयू की संयुक्त टीम ने एक्टिवा चोरी के मामले का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की गई एक्टिवा वाहन बरामद की है, जिसकी कीमत करीब 70 हजार रुपये बताई गई है।
मामले के अनुसार प्रार्थी प्रीतम ध्रुव निवासी अमलेश्वर जिला दुर्ग ने थाना डीडी नगर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि दिनांक 14 अगस्त 2026 की रात उसने अपनी एक्टिवा क्रमांक CG 04 QM 1472 को सरोना स्थित रेंज रोवर शोरूम के सामने खड़ा किया था। इसके बाद वह सामान लेने चला गया।
कुछ समय बाद जब प्रार्थी वापस लौटा तो उसे अपनी एक्टिवा मौके पर नहीं मिली। आसपास तलाश करने के बाद भी वाहन का पता नहीं चल सका। किसी अज्ञात चोर द्वारा वाहन चोरी कर ले जाने की शिकायत पर थाना डीडी नगर में अपराध क्रमांक 515/2026 धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन और थाना प्रभारी डीडी नगर के नेतृत्व में पुलिस टीम एवं क्राइम टीम ने मामले की जांच शुरू की। टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले तथा मुखबिरों को सक्रिय कर आरोपी की तलाश शुरू की। इसी दौरान पुलिस टीम को चोरी की एक्टिवा और आरोपी के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी मिली। सूचना के आधार पर पुलिस ने बेमेतरा निवासी हेमंत उर्फ दाउ उर्फ सूरज सिंह राजपूत को पकड़ा और पूछताछ की।
पूछताछ में आरोपी ने एक्टिवा चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी की एक्टिवा क्रमांक CG 04 QM 1472 बरामद कर ली। गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि वाहन चोरी सहित अन्य अपराधों पर नियंत्रण के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है और अपराधियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Tags: