युवक पर दबाव बनाकर झूठी रिपोर्ट लिखवाने का आरोप, आरोपी गिरफ्तार

छग

Update: 2026-04-18 14:37 GMT
Raipur. रायपुर। राजधानी के डीडी नगर थाना क्षेत्र में एक युवक पर दबाव बनाकर झूठी रिपोर्ट दर्ज कराने और विरोध करने पर हमला करने का मामला सामने आया है। पीड़ित भविष्य सोनी (18 वर्ष), निवासी शांति विहार कॉलोनी, डंगनिया ने थाना पहुंचकर लिखित शिकायत दी, जिसके आधार पर पुलिस ने आरोपी वैभव रंगी उर्फ हैप्पी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 118(1) और 232(1) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शिकायत के अनुसार, 18 मार्च 2026 को दोपहर करीब 12 बजे गोल चौक के पास भविष्य सोनी का करन नामक युवक से विवाद हुआ था। विवाद के दौरान करन और उसके साथी उदय द्वारा गाली-गलौज और धक्का-मुक्की किए जाने का आरोप है।

घटना के बाद जब भविष्य अपने घर लौट रहा था, तभी रास्ते में उसकी मुलाकात वैभव रंगी से हुई, जिसे वह पहले से जानता था। पीड़ित ने बताया कि उसने वैभव को पूरी घटना की जानकारी दी, जिसके बाद वैभव ने उसे करन और उदय के खिलाफ गंभीर धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए दबाव बनाना शुरू कर दिया। जब भविष्य ने ऐसा करने से मना किया, तो आरोपी ने उसे जान से मारने की धमकी दी। शिकायत में यह भी कहा गया है कि उसी दिन शाम करीब 7 से 7:30 बजे के बीच वैभव रंगी ने अपने पास रखे थर्माकोल काटने वाले कटर से भविष्य के पीठ पर दो बार वार कर दिया, जिससे वह घायल हो गया और खून बहने लगा। घायल अवस्था में जब पीड़ित ने अस्पताल ले जाने की बात कही, तो आरोपी ने पहले थाने चलकर रिपोर्ट दर्ज कराने की बात कही और उसे अपने साथ डीडी नगर थाने ले गया।

पीड़ित का आरोप है कि जान से मारने की धमकी के डर से उसने आरोपी के कहने पर ही थाने में मौखिक रिपोर्ट दर्ज कराई। बाद में उसने अपने परिजनों और अन्य संबंधित लोगों को पूरी घटना की जानकारी दी और फिर सच्चाई सामने लाते हुए पुलिस में दोबारा शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है और घटना स्थल गोल चौक के आसपास के साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। साथ ही, पीड़ित का मेडिकल परीक्षण कराकर चोटों की पुष्टि भी की जा रही है। अधिकारियों के अनुसार, इस मामले में यह भी जांच की जा रही है कि क्या आरोपी ने जानबूझकर किसी को झूठे मामले में फंसाने की साजिश रची थी। फिलहाल पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है और जल्द ही आगे की कार्रवाई किए जाने की बात कही जा रही है।
Tags:    

Similar News