सुकमा : छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में मॉडिफाइड साइलेंसर लगाकर सड़कों पर तेज और कर्कश आवाज निकालने वाले बुलेट मोटरसाइकिल चालकों के खिलाफ पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। पुलिस अधीक्षक मयंक गुर्जर के निर्देश पर सुकमा कोतवाली पुलिस ने विशेष अभियान चलाते हुए यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 7 वाहन चालकों पर कार्रवाई की। इनमें से 5 चालकों से कुल 30 हजार 300 रुपये समन शुल्क वसूला गया, जबकि 2 बुलेट मोटरसाइकिलों को जब्त किया गया है।
मॉडिफाइड साइलेंसर वाली बुलेट पर पुलिस का शिकंजा
जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक मयंक गुर्जर के निर्देश पर थाना सुकमा कोतवाली पुलिस ने 9 नवंबर को विशेष कार्रवाई की। इस दौरान शहर की सड़कों पर नियमों के विपरीत मॉडिफाइड साइलेंसर लगाकर तेज और कर्कश आवाज निकालने वाले बुलेट चालकों की जांच की गई। पुलिस ने मॉडिफाइड साइलेंसर के साथ मोटर व्हीकल एक्ट के अन्य प्रावधानों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों को भी कार्रवाई के दायरे में लिया। जांच के दौरान कुल 7 वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई।
5 चालकों से 30,300 रुपये वसूले, 2 बुलेट जब्त
विशेष कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 5 वाहन चालकों से कुल 30 हजार 300 रुपये समन शुल्क वसूला। वहीं, नियमों का उल्लंघन करने वाली 2 बुलेट मोटरसाइकिलों को जब्त कर लिया गया। जब्त मोटरसाइकिलों के संबंध में पुलिस द्वारा इस्तगासा तैयार कर न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की जा रही है।
इन 7 वाहन चालकों पर हुई कार्रवाई
सुकमा पुलिस की कार्रवाई में मोहम्मद सोहेल, मोहम्मद अय्यान, ऋषभ पेददी, रजत मलिक, दंतकुर्ति ज्ञानेन्द्र, देवेंद्र टांडी और अजय वर्मा शामिल हैं। सभी सुकमा के निवासी बताए गए हैं। इन वाहन चालकों पर मॉडिफाइड साइलेंसर और मोटर व्हीकल एक्ट के संबंधित प्रावधानों के उल्लंघन को लेकर कार्रवाई की गई है।
तेज आवाज से मरीज परेशानी
मॉडिफाइड साइलेंसर लगाकर तेज और कर्कश आवाज निकालना ध्वनि प्रदूषण का कारण बनता है। इससे आम नागरिकों के साथ बुजुर्गों, छोटे बच्चों, विद्यार्थियों और बीमार व्यक्तियों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यातायात नियमों का उल्लंघन कर दूसरों की शांति भंग करने वालों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।
नियम तोड़ने वाले वाहनों की फोटो-वीडियो भेजने की अपील 
सुकमा पुलिस ने वाहन चालकों से निर्धारित मानकों के अनुरूप साइलेंसर का उपयोग करने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है। इसके साथ ही पुलिस ने आम नागरिकों से भी सहयोग मांगा है। नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों की फोटो या वीडियो पुलिस कंट्रोल रूम के मोबाइल नंबर 9479191300 पर भेजकर सूचना दी जा सकती है। पुलिस ने साफ किया है कि सड़क पर वाहन चलाते समय यातायात नियमों का पालन करने के साथ अन्य नागरिकों की सुविधा और शांति का ध्यान रखना भी जरूरी है। सुकमा पुलिस की इस कार्रवाई का उद्देश्य शहर में अनावश्यक तेज आवाज और ध्वनि प्रदूषण पर अंकुश लगाना है।
Tags: