Mungeli. मुंगेली। जिले में संपत्ति संबंधी अपराधों पर कार्रवाई करते हुए लोरमी पुलिस ने साइकिल चोरी के मामले का खुलासा किया है। पुलिस ने चोरी की साइकिलों के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से कुल 7 नग साइकिल बरामद की गई हैं। यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के निर्देशन में की गई। पुलिस अधिकारियों के अनुसार जिले में चोरी, लूट और नकबजनी जैसे अपराधों पर त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं, जिसके तहत लोरमी पुलिस ने यह सफलता हासिल की।

दुकान के बाहर से चोरी हुई थी साइकिल
जानकारी के अनुसार, प्रार्थी रोशन सिंह राजपूत पिता महेंद्र सिंह राजपूत निवासी वार्ड क्रमांक 9 मजगांव, थाना लोरमी ने 11 सितंबर 2026 को साइकिल चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। प्रार्थी ने पुलिस को बताया कि वह रानीगांव लोरमी स्थित जय इलेक्ट्रॉनिक दुकान में काम करता है। 2 सितंबर 2026 को सुबह करीब 9 बजे वह अपनी साइकिल से दुकान पहुंचा था और साइकिल को जोतपुरी स्वीट्स के पास खड़ा किया था। शाम करीब 7 बजे जब वह काम खत्म कर वापस आया तो उसकी साइकिल वहां नहीं मिली। आसपास काफी तलाश करने के बाद भी साइकिल का कोई पता नहीं चला। इसके बाद उसने थाना लोरमी में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले में अपराध क्रमांक 389/26 के तहत बीएनएस की धारा 303(2) के अंतर्गत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।

मुखबिर की सूचना पर पकड़ा गया आरोपी
मामले की जांच के दौरान लोरमी पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से जानकारी जुटाई। पुलिस ने बेसिक पुलिसिंग और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि थाना तखतपुर क्षेत्र के ग्राम बीजा (दैजा) निवासी रमेश कुमार खुंटे चोरी की वारदातों में शामिल हो सकता है। पुलिस ने संदेह के आधार पर रमेश कुमार खुंटे को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने लोरमी सहित अन्य स्थानों से साइकिल चोरी करना स्वीकार किया।

आरोपी के कब्जे से मिली 7 साइकिल
पुलिस के अनुसार आरोपी ने पूछताछ में कुल 7 साइकिल चोरी करने की बात कबूल की। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने अलग-अलग कंपनियों की 7 साइकिल बरामद की हैं। बरामद साइकिलों में ब्रीज कंपनी की हरे रंग की 22 इंच साइकिल, हीरो कंपनी की हरे रंग की साइकिल, पुरानी हरे रंग की साइकिल, लाल रंग की रेंजर साइकिल, ब्लास्टर कंपनी की लाल रंग की रेंजर साइकिल और लाइनर कंपनी की हरे रंग की रेंजर साइकिल शामिल हैं।

आरोपी को भेजा गया जेल
पुलिस जांच में अपराध प्रमाणित पाए जाने के बाद आरोपी रमेश कुमार खुंटे पिता स्वर्गीय छोटू खुंटे, उम्र 52 वर्ष, निवासी बीजा (दैजा), थाना तखतपुर, जिला बिलासपुर को 12 सितंबर 2026 को गिरफ्तार किया गया। इसके बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

पुलिस टीम की रही अहम भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी लोरमी निरीक्षक अखिलेश कुमार वैष्णव, प्रधान आरक्षक दयाल गवास्कर, आरक्षक राजू साहू, रेखराम नेताम, युगल किशोर उपाध्याय और ईश्वर मरावी की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में संपत्ति संबंधी अपराधों पर लगातार कार्रवाई जारी रहेगी और चोरी जैसे मामलों में आरोपियों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।
Tags: