Sargaon. सरगांव। सरगांव पुलिस ने टिकैतपेंड्री गांव में हुई मारपीट और तोड़फोड़ के प्रकरण में फरार चल रहे आरोपी सरजू उर्फ शेरा लहरे को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। यह कार्रवाई मुंगेली पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवनीत कौर छाबड़ा और उप पुलिस अधीक्षक नवनीत पाटिल के मार्गदर्शन में की गई। प्रकरण की शुरूआत 19 जुलाई 2025 को हुई थी, जब प्रार्थी जितेंद्र गायकवाड़ (38), निवासी मोहदी, थाना सरगांव ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी। प्रार्थी ने बताया कि टिकैतपेंड्री निवासी कन्हैया बघेल अपने बेटे और अन्य परिवारिक सदस्यों के साथ हॉकी स्टिक, रॉड और डंडे लेकर उनके घर आए और उनके साथ-साथ उनके परिवार के अन्य सदस्यों जैसे भाई भागबली करण, बेटे भरत, मां जमुना बाई और पत्नी सुनीता बाई के साथ मारपीट की।
आरोपियों ने दुकान के काउंटर और स्कूटी में भी तोड़फोड़ की। इस शिकायत के आधार पर थाना सरगांव में अपराध क्रमांक 92/2025 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धाराओं 296, 115(2), 351(2), 324(2), 191(2), 191(3), 117(3) के अंतर्गत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। मुंगेली पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल ने प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए फरार आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे। इसके बाद पुलिस ने जांच और सूचनाओं के आधार पर 10 सितंबर 2025 को पहले ही कन्हैया बघेल, किशन बघेल, महेंद्र, जीवन बघेल, रामबिलास बघेल, विजय कुमार बघेल और अजय कुमार सहित सात आरोपियों को हिरासत में लेकर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया था। उनसे हॉकी स्टिक, रॉड और डंडे भी जब्त किए गए थे।
घटना के बाद से आरोपी सरजू उर्फ शेरा लहरे फरार चल रहा था। पुलिस लगातार उसकी तलाश कर रही थी। 5 नवंबर 2025 को मुखबिर की सूचना पर उसे बिल्हा, बिलासपुर से हिरासत में लिया गया। गिरफ्तार आरोपी सरजू उर्फ शेरा लहरे (28), पिता बुलबुल लहरे, निवासी वार्ड 8, बिल्हा, बिलासपुर ने पूछताछ में घटना में शामिल होना स्वीकार किया। पुलिस ने बताया कि आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल दाखिल कर दिया गया है। इस गिरफ्तारी के साथ ही टिकैतपेंड्री मारपीट और तोड़फोड़ मामले में सभी प्रमुख आरोपी अब पुलिस की पकड़ में आ चुके हैं। सरगांव पुलिस ने कहा कि इस घटना के सभी पहलुओं की सघन जांच की जा रही है। फरार चल रहे आरोपी की गिरफ्तारी से पीड़ित परिवार को न्याय मिलने की उम्मीद बढ़ गई है। पुलिस ने आगे कहा कि इस मामले में कड़ी कार्रवाई और निगरानी जारी रहेगी, ताकि भविष्य में ऐसी हिंसक घटनाओं को रोका जा सके।