Jashpur. जशपुर। जिले में सरहदी क्षेत्रों से हो रही अवैध धान तस्करी पर पुलिस की कड़ी नजर है। इसी क्रम में 9 जनवरी 2026 को जशपुर पुलिस ने अवैध धान तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक पिकअप वाहन से 30 क्विंटल अवैध धान जब्त किया। इसकी अनुमानित कीमत लगभग 69 हजार रुपये बताई जा रही है। यह कार्रवाई चौकी ऊपर कछार के ग्राम गढ़वा मुड़ा के ग्रामीण मार्ग पर हुई। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि वाहन क्रमांक JH-01-GH-8011 में झारखंड से छत्तीसगढ़ की ओर अवैध धान लाया जा रहा है। सूचना के बाद चौकी ऊपर कछार पुलिस ने गढ़वा केला के पास ग्रामीण मार्गों पर नाकाबंदी की और संदिग्ध वाहनों की जांच शुरू कर दी।
नाकाबंदी के दौरान संदिग्ध पिकअप दिखाई दिया। पुलिस ने वाहन रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक ने अचानक गति बढ़ा दी और भागने लगा। पीछा करने के दौरान चालक कुछ दूरी पर वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पिकअप की तलाशी लेने पर उसमें कुल 60 बोरियों में 30 क्विंटल धान लदा हुआ पाया गया। वाहन नंबर के आधार पर जांच में पता चला कि पिकअप वाहन ग्राम करडेगा निवासी रंजीत साहू के नाम पर पंजीकृत है। वहीं, जब्त धान थाना तपकरा के ग्राम सिंगीबहार निवासी 25 वर्षीय शिवम यादव का बताया जा रहा है।
पुलिस ने धान से संबंधित वैध दस्तावेज और मंडी टोकन मांगे, लेकिन आरोपी कोई भी वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर सके। वैध कागजात न होने के कारण पुलिस ने पिकअप वाहन और उसमें लदी सभी बोरियों को जब्त कर लिया है। जशपुर पुलिस ने बताया कि वाहन और धान को आगे की कार्रवाई के लिए जिला प्रशासन को सौंप दिया गया है। साथ ही, फरार चालक की तलाश शुरू कर दी गई है और नशे व अवैध धान तस्करी के नेटवर्क की जांच की जा रही है। पुलिस ने ग्रामीणों से अपील की है कि यदि इस प्रकार के अवैध धान परिवहन की कोई जानकारी मिलती है, तो तत्काल नजदीकी पुलिस चौकी को सूचना दें। इससे अवैध धान तस्करी रोकने में मदद मिलेगी और सीमावर्ती क्षेत्रों में कानून का पालन सुनिश्चित किया जा सकेगा। इस कार्रवाई से जशपुर जिले में अवैध धान तस्करी के खिलाफ सख्त संदेश गया है कि पुलिस अवैध गतिविधियों पर लगातार नजर रखे हुए है और किसी भी तरह की तस्करी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।