चिंतपूर्णी मंदिर में 1.16 करोड़ ऑनलाइन चढ़ावा

Update: 2026-07-16 10:56 GMT
Una. ऊना। शक्तिपीठ मां चिंतपूर्णी के प्रति देश-विदेश के श्रद्धालुओं की आस्था लगातार बढ़ रही है। डिजिटल युग में श्रद्धालु अब घर बैठे भी मां के चरणों में अपनी श्रद्धा अर्पित कर रहे हैं। बीते वर्ष श्रद्धालुओं ने ऑनलाइन माध्यम से मंदिर ट्रस्ट को घर बैठे ही एक करोड़ से अधिक राशि मां के चरणों में अर्पित की है। साल 2025 में श्रद्धालुओं ने ऑनलाइन माध्यम से एक करोड़ 16 लाख 96 हजार 442 रुपए का दान अपनी नेक कमाई से किया है, जो मंदिर के प्रति बढ़ते विश्वास और डिजिटल सेवाओं की
स्वीकार्यता को दर्शाता है।


वर्ष 2026 में जनवरी से जून तक भक्तों ने 18.29 करोड़ का नकद चढ़ावा चढ़ाया है। मंदिर ट्रस्ट के अनुसार ऑनलाइन दान तीन अलग-अलग श्रेणियों में प्राप्त होता है, जिसमें श्रद्धालु मां के नाम से ऑनलाइन दान कर सकते हैं। इस श्रेणी में श्रद्धालुओं ने एक करोड़ दो लाख 47 हजार 845 मंदिर के खाते में जमा कराए। इसके अलावा ऑनलाइन प्रसाद योजना के तहत श्रद्धालुओं ने छह लाख 78 हजार 597 रुपए का प्रसाद घर बैठे ही ऑर्डर किया है, जिसे मंदिर ट्रस्ट ने भी श्रद्धालुओं तक समय रहते पहुंचाया है। इसके अलावा मंदिर ट्रस्ट द्वारा संचालित गोसदन के लिए भी श्रद्धालुओं ने बढ़-चढक़र सहयोग किया है। गोसेवा के उद्देश्य से ऑनलाइन माध्यम से भक्तों ने सात लाख 70 हजार का दान गोसेवा के लिए डाला है।
Tags:    

Similar News